झीरम घाटी हत्या कांड: अंतिम सुनवाई पूरी,31 अगस्त को फैसला आ सकता है…

जगदलपुर। बहुचर्चित झीरम घाटी नक्सली हमले से जुड़े मामले में एनआईए की विशेष अदालत में चल रही अंतिम सुनवाई पूरी हो गई है।
सुनवाई के तीसरे दिन अभियोजन पक्ष और बचाव पक्ष ने अपनी-अपनी अंतिम दलीलें अदालत के समक्ष रखीं।
सुनवाई पूरी होने के बाद एनआईए के विशेष न्यायाधीश ने फैसला सुरक्षित रखते हुए 31 अगस्त की तारीख तय की है। माना जा रहा है कि 31 अगस्त को इस मामले में कोर्ट का फैसला भी सामने आ सकता है।अब इस मामले में अदालत के फैसले पर छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश की नजर है।
25 मई 2013 को हुआ था हमला

25 मई 2013 को दरभा क्षेत्र की झीरम घाटी में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के काफिले पर नक्सलियों ने घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और सुरक्षा कर्मियों समेत बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी। घटना ने पूरे छत्तीसगढ़ को झकझोर दिया था।
13 साल बाद फैसले का इंतजार

झीरम घाटी कांड के मामले की सुनवाई एनआईए की विशेष अदालत में लंबे समय से चल रही थी।अंतिम बहस में शामिल होने के लिए सेंट्रल जेल जगदलपुर से 10 बंदियों को अदालत लाया गया। मामले में 11 आरोपी थे जिसमें एक की मृत्यु हो चुकी है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी को न्यायालय में पेश किया गया और सुनवाई की प्रक्रिया में शामिल किया गया।अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें पूरी होने के बाद अब अदालत ने फैसला सुरक्षित कर लिया है।
31 अगस्त को आने वाला फैसला इस मामले की न्यायिक प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। देश,छत्तीसगढ़ और बस्तर के साथ-साथ हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को भी अब अदालत के फैसले का इंतजार है।



