
बर्रा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बर्रा के नवनिर्मित भवन में गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्य की शिकायत सामने आने के बाद गुरुवार को जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में सामने आई कमियों को लेकर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविन्द्र प्रकाश गवेल के नेतृत्व में किए गए निरीक्षण में जनपद अध्यक्ष रामकुमारी राठिया, डाॅ हितेश गवेल उपाध्यक्ष जनपद पंचायत खरसिया, सीएमएचओ, बीएमओ, सब-इंजीनियर तथा संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे। टीम ने भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता और मौके पर दिखाई दे रही कमियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कमियां पाए जाने पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्र जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक भवन के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी भवन निर्माण से जुड़ी अपनी चिंताओं और शिकायतों से जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को अवगत कराया। ग्रामीण जारही सिंह, दिलेश्वर राठिया, आनंद राठिया, डनसेना, कार्तिक सिदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर उपस्थित रहे।
अब देखना होगा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को संबंधित एजेंसी और ठेकेदार द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किस तरह और कितनी शीघ्रता से दूर किया जाता है। ग्रामीणों ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निरंतर निगरानी और आवश्यक कार्यवाही की अपेक्षा जताई है।




