खरसिया में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव,गुरु पूजन एवं सामूहिक आरती में उमड़े श्रद्धालु

✍सन्टी सोनी@खरसिया। धर्म नगरी खरसिया में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा,भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। स्थानीय रामानंद मुंशी राम शर्मा राम मंदिर,गंज चौक में देवी संपद मंडल,खरसिया के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिष्य परिवारों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपने गुरुदेव के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्मलीन परम पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी शारदानंद सरस्वती जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्वान युवा पंडित बिट्टू महाराज ने विधि-विधान से गुरुदेव का पूजन-अर्चन संपन्न कराया। शिष्य परिवारों ने अपने परिजनों के साथ गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजन के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में सहभागिता की, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। इसके बाद महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत भजन-संध्या ने आयोजन को और अधिक आध्यात्मिक एवं भावपूर्ण बना दिया। श्रद्धालु देर तक भजनों में तल्लीन होकर गुरु महिमा का गुणगान करते रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर देवी संपद मंडल के गोपाल शर्मा (पत्रकार) ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, शिष्य परिवारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ओमप्रकाश गोयल, अशोक अग्रवाल (पत्रकार), सन्टी सोनी, कैलाश बंसल, विनोद शर्मा, प्रिंस सलूजा, नरेश गोयल, मुकेश अग्रवाल, कान्हा शर्मा, रजत शर्मा (रज्जू), नीरज अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, संजय कंकरवाल, पवन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं महिला मंडल से प्रेमां गोयल, कौशल्या देवी अग्रवाल, चमेली देवी शर्मा, सरिता शर्मा, उषा अग्रवाल, किरण देवी अग्रवाल, शशि शर्मा, श्वेता शर्मा और रुक्मणी शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने मिल-जुलकर गुरु पूर्णिमा महोत्सव को श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सौहार्द का यादगार पर्व बनाया।


