Uncategorised

अवैध पार्किंग पर सख्ती,औद्योगिक वाहनों की फिटनेस और चालकों की सुविधाओं पर जिला प्रशासन गंभीर

अपर कलेक्टर ने ट्रांसपोर्टर्स, उद्योगों और खनन कंपनियों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक ली

रायगढ़। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग की रोकथाम,औद्योगिक वाहनों की अनिवार्य फिटनेस जांच तथा परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो की अध्यक्षता में ट्रांसपोर्टर्स, उद्योगों एवं खनन कंपनियों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के सुओ मोटू रिट याचिका (सिविल) क्रमांक 9/2025 तथा फालोदी दुर्घटना प्रकरण में पारित आदेशों के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी उद्योगों,खनन कंपनियों एवं ट्रांसपोर्टर्स से अपने वाहनों की नियमित फिटनेस जांच कराने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का पालन करने की अपेक्षा की गई।

चालकों के लिए मूलभूत सुविधाएं विकसित करने पर विशेष जोर

बैठक में औद्योगिक एवं खदान क्षेत्रों में आपूर्ति और परिवहन कार्य में लगे भारी वाहनों के चालकों एवं परिचालकों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान पर्याप्त पार्किंग स्थल, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टिव टेप की व्यवस्था, वाहनों की धुलाई के लिए पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला प्रशासन ने उद्योगों एवं परिवहन से जुड़े सभी पक्षों से इन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने का आग्रह किया।

छह स्थानों पर पार्किंग की मांग, स्थल चयन की प्रक्रिया होगी शुरू

बैठक में ट्रांसपोर्टर्स एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने जिले में भारी वाहनों के सुरक्षित पार्किंग स्थलों की आवश्यकता बताते हुए घरघोड़ा बाईपास मार्ग, बंजारी मंदिर के आसपास, पूंजीपथरा, तमनार क्षेत्र,खरसिया के रानीसागर क्षेत्र तथा गेरवानी क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग विकसित किए जाने का प्रस्ताव रखा।

इस पर जिला प्रशासन ने मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्षेत्रों में उपयुक्त स्थल चिन्हांकन एवं चयन की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी अधिक सुगम बनाया जा सके।
बैठक में जिला खनिज अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के अधिकारी, ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न उद्योगों एवं खनन कंपनियों के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित संस्थानों से सड़क सुरक्षा,वाहन फिटनेस तथा यातायात नियमों के प्रभावी पालन में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!