
रायगढ़। सारंगढ के खेल मैदान में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। दरअसल, मामला पति, पत्नी और वो का निकला। शादीशुदा महिला अपने मासूम बच्चे को छोड़कर प्रेमी के साथ रहना चाहती थी, लेकिन आशिक इसके लिए राजी नहीं था। ऐसे में हुए विवाद में प्रेयसी ने प्रेमी के गाल में 2 तमाचा जड़ा तो गुस्साए युवक ने गला घोंटकर हत्या की और लाश को बिजली खम्भे में लटका दिया था। काफी माथापच्ची के बाद पुलिस में रायपुर से आरोपी को धरदबोचा है।
तकरीबन 4 महीने पहले फेसबुक के जरिए महिला का सम्पर्क मूलतः चाम्पा के बिर्रा के पास ग्राम किकिर्दा निवासी अंशु उर्फ संदीप आदित्य पिता सीताराम ( 24 वर्ष ) से हुई जो राजधानी रायपुर के रावल इंटरप्राइजेज लिमिटेड नामक के कंपनी में हाईड्रा ऑपरेटर का काम करता था।
सोशल मीडिया से हुई दोस्ती प्यार में बदलने पर महिला अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ जिंदगी गुजरने के सपने देखने लगी।
यही नहीं,दोनों की मुलाकात के बाद तो महिला अपनी छोटी बहन को यह तक कहती कि वह अंशु को जीजा कहते हुए सम्बोधित किया करे। महिला अपने ससुराल छोड़कर अंशु को ओडिशा ले जाकर बीवी की तरह रखने की जिद करती,पर प्रेमी टालमटोल करता। फिर वह प्रेमी के साथ रायपुर में रहने की जिद करने लगी। घटना के एक रोज पहले अंशु अपनी शादीशुदा प्रेमिका को मोटर सायकिल से लेकर सारंगढ़ गया। केजी कॉलेज के खेल मैदान में सुनसान जगह पर दोनों बैठे थे तभी महिला अपने प्रेमी को हमेशा के लिए साथ रखने पर अड़ गई। इस बात को लेकर दोनों के बीच जमकर विवाद होने पर महिला ने प्रेमी के गाल में 02 थप्पड़ तक रसीद कर दिया।
फिर क्या,गुस्से से बौखलाए अंशु ने आव देखा न ताव और अपने टमाटर विक्रेता पिता द्वारा बाईक में बांधे गए स्क्रैचिबल रस्सी को निकालते हुए प्रेमिका के गले मे कस दिया। वारदात के दौरान अंशु रस्सी को हाथ से खींचता रहा तो पैर से भी दबाए रखा। नतीजतन, श्वांसनली में अवरोध होने पर महिला अधमरी हालत में छटपटाने लगी तो तरस आने पर अंशु ने फंदे को ढीला करते हुए उसे पानी भी पिलाया। इसके बाद भी वह नहीं बची तो हत्या को खुदकुशी का रूप देने की कवायद में शव को अंशु ने बिजली खम्भे में लटकाया और वापस अपने गांव होते हुए रायपुर चला गया।
ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए एसडीओपी प्रभात कुमार पटेल की टीम ने राजफाश कर रायपुर से आरोपी अंशु को हिरासत में ले लिया है।




