
रायगढ़ । कलेक्टर भीम सिंह ने आज शहर के मध्य स्थित जिला ग्रंथालय का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर सिंह ने ग्रंथालय परिसर का अवलोकन करते हुये जिला शिक्षा अधिकारी से ग्रंथालय में उपलब्ध पुस्तकों, कम्प्यूटर में इंटरनेट सुविधा तथा आने वाले छात्रों की संख्या के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रंथालयों में आने वाली पत्र-पत्रिकाओं के बारे में भी जानकारी ली।

जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी.आदित्य ने कलेक्टर सिंह को बताया कि ऊपरी तल पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र काफी संख्या में आते थे, वर्तमान में लगभग 6 माह (कोरोना संक्रमण काल) से ग्रंथालय में छात्रों का आना नहीं हो रहा है। ग्रंथालय में केवल दैनिक समाचार पत्र ही आ रहे है पत्रिकायें नहीं मंगाई जा रही है और कम्प्यूटर और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध है।
कलेक्टर सिंह ने जिला ग्रंथालय के लिये दीर्घकालिक योजना तैयार करने के निर्देश दिये। जिससे अध्ययनरत छात्रों तथा अन्य व्यक्तियों को ग्रंथालय का लाभ मिले। निरीक्षण के समय राजीव गांधी शिक्षा मिशन के जिला समन्वयक तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।




