छत्तीसगढ़रायगढ़

जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हरेली तिहार

बनोरा गौठान में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम,गौमूत्र खरीदी की हुयी शुरुआत

Advertisement
Advertisement
Advertisement

गेड़ी, फुगड़ी, रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों का हुआ आयोजन

रायगढ़।छत्तीसगढ़ का पहला त्यौहार हरेली जिले में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रायगढ़ विकासखंड के बनोरा गौठान में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विधायक रायगढ़ श्री प्रकाश नायक, कलेक्टर श्रीमती रानू साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल,सीईओ जिला पंचायत अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती संगीता गुप्ता, जनपद पंचायत रायगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती भूमिसूता चौहान शामिल हुए। इस अवसर पर कृषि यंत्रों की पूजा-अर्चना कर शासन की जैविक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रारंभ की जा रही योजना के तहत आज से गौमूत्र खरीदी की भी शुरुआत की गयी।
इस मौके पर विधायक रायगढ़ श्री प्रकाश नायक ने सभी को हरेली तिहार की बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का यह त्यौहार हमारे पूर्वज बड़े उल्लास के साथ मनाते थे। किंतु आज इसका आयोजन वैसा नहीं रह गया था। लेकिन अब मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में शासन ने अपनी लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और तीज त्यौहारों को सहेजने संवारने का काम शुरू किया है। जिससे आने वाली पीढ़ी को हमारे इन सांस्कृतिक मूल्यों के बारे में पता चले। उन्होंने कहा कि शासन की नीतियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से निर्मित और क्रियान्वित की जा रही हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल ने त्यौहार की सभी को बधाई देते हुए कहा कि कृषि प्रधान प्रदेश में ग्राम स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित कर उसमें महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की शासन की पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं गौठानों में रोजगार की विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर आय अर्जित कर रही है और नयी विधाएं सीख रही हैं।


कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने इस मौके पर सभी को हरेली त्यौहार की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनानुसार आज से गौ-मूत्र खरीदी की शुरुआत हो रही है। इससे न केवल पशुपालकों के आय में वृद्धि होगी बल्कि जैविक कृषि को भी बढ़ावा मिलेगा और साथ ही महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए मौके बनेंगे। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से महिलाएं स्वावलंबी बन रही हैं। गौठानों में रोजगार मूलक कार्यों से जुड़कर वे आय अर्जित कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आय के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य व पोषण का पूरा ध्यान रखें। तीन रंगों वाला आहार अपने खान पान में शामिल करें। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के बदौलत व्यक्ति जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयां छू सकता है। अत: बच्चों को अच्छे से पढ़ाएं। अंत में उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशी और समृद्धि लेकर आए।
इस अवसर पर रायगढ़ महिला संघ ब्लॉक लेवल फेडरेशन को सी-मार्ट के कार्यों के लिए एक ई-रिक्शा प्रदान किया गया। साथ ही गौठान परिसर में अतिथियों के द्वारा कटहल के पौधे का रोपण भी किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम रायगढ़ गगन शर्मा, सीईओ जनपद रायगढ़ रूपेन्द्र पटेल, उप संचालक पशु आर.एच.पाण्डेय, सहायक संचालक कृषि हरीश राठौर, सहायक संचालक उद्यानिकी कमलेश दीवान, सहायक संचालक खेल संजय पॉल सहित जिला प्रशासन के विभिन्न अधिकारीगण व ग्रामीण जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस मौके पर कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्राचार्य राजेश डेनियल ने किया।


84 लीटर गौ-मूत्र की हुई खरीदी


आज से जिले में गौ-मूत्र खरीदी की शुरुआत हुयी। आज रायगढ़ के बनोरा और पुसौर के सूपा गौठान में खरीदी प्रारंभ की गई। बनोरा में 34 लीटर और सूपा में 50 लीटर सहित कुल 84 लीटर गौ-मूत्र की खरीदी की गई। गौ-मूत्र खरीदी के लिए महिला समूहों को पशुपालन विभाग द्वारा प्रशिक्षण दिया गया है।
पारंपरिक खेलों का हुआ आयोजन, विजेताओं को दिए गए पुरस्कार
हरेली त्यौहार के अवसर पर ग्राम बनोरा के गोठान में समूह की महिलाओं के बीच रस्साकशी, गेड़ी दौड़, कुर्सी दौड़, फुगड़ी जैसे विभिन्न पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं ने स्वस्फूर्त बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। कुर्सी दौड़ में संतोषी राठिया प्रथम एवं पद्मनी राठिया द्वितीय रही, इसी प्रकार गेड़ी दौड़ में गुरुवारी भगत नारी एकता समूह, फुगड़ी में गुरुवारी भगत, नारी एकता समूह प्रथम तथा सरस्वती समूह की जागेश्वरी सिदार द्वितीय रही। रस्साकशी में प्रथम स्थान में नारी शक्ति समूह एवं दूसरे स्थान में महिला कल्याण समूह रही।
हितग्राहियों को किया गया सम्मानित
गोठान में अधिक गोबर विक्रय कर आय अर्जित करने पर अतिथियों द्वारा भीष्म गुप्ता एवं दुखी बाई निषाद को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसी तरह गोठान प्रबंधन एवं वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने पर शिवानी महिला स्व-सहायता समूह बनोरा, सर्वेश्वर महिला स्व-सहायता समूह बनोरा, चंद्रहासिनी महिला स्व-सहायता समूह शकरबोगा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा पुष्कर सिंह सिदार एवं मंगल सिंह सिदार को मूंग बीज प्रदान किया गया।

Advertisement
Advertisement
Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!