
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री पटेल ने फरकानारा में वन अधिकार पत्र वितरण का किया शुभारंभ

उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने आज विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर खरसिया विकासखण्ड के बरगढ़ खोला स्थित फरकानारा से वन अधिकार पत्र वितरण का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत आदिवासी अंचल खरसिया के सिरमौर बरगढ़ खोला के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले डोमनारा में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पूजा अर्चना पुष्पांजलि व श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि कि छत्तीसगढ़ शासन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में वन्य क्षेत्रों में निवासरत आदिवासी समुदाय के जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने वन अधिकार पत्र वितरण को इस दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि जमीन का अधिकार मिलने से हितग्राही के द्वारा पीढिय़ों से काबिज भूमि उसके नाम से शासकीय दस्तावेजों में दर्ज हो जाएगी जिससे वह सरकारी योजनाओं से सीधे जुड़कर उसका लाभ ले सकेगा।
उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह के द्वारा आदिवासी हितों के लिए किए संघर्ष को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन का यही प्रयास है कि वन्य क्षेत्र में रह रहे आदिवासी और परम्परागत वन निवासियों को उनका हक मिले जिससे वे पूरे आत्मविश्वास के साथ जीवन मे आगे बढ़ सकें इसके लिए सरकार भी इन क्षेत्रों में सड़क व भवन निर्माणए शिक्षा व चिकित्सा जैसे मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए लक्षित योजनाएं बनाकर लगातार उसका प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है।
आज कार्यक्रम में धारा 3 (1) के तहत 32 सामुदायिक वन अधिकार पत्र संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को सौंपे गये।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती संतोषी राठिया, जनपद अध्यक्ष मेहत्तर राम उरांव, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पटैल, जनपद सदस्य श्रीमती ईश्वरी राठिया गौतम राठिया, सरपंच फरकानारा छतर सिंह राठिया, राम दयाल राठिया, सुखदेव डनसेना अभय मोहंती, सुरेश राठिया, महेतर राठिया, वलदेव राठिया, एसडीएम खरसिया गिरीश रामटेके, सीईओ जनपद आर डी साहु सहित जनसामान्य मौजूद रहे।




