आंध्र प्रदेश: विजयवाड़ा में कोविड सेंटर होटल में लगी भीषण आग, सात लोगों की मौत

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा शहर में कोविड सेंटर के रूप में प्रयोग किए जा रहे एक होटल में भीषण आग लग गई है। इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई है और 30 लोगों को सेंटर से बाहर निकाला गया है। वहीं, इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं।
फिलहाल, दमकल विभाग मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटा हुआ है। साथ ही राहत बचाव का कार्य जारी है। वहीं, सूबे के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने अधिकारियों को दुर्घटना की जांच करने का आदेश दिया
मिली जानकारी के अनुसार शहर में बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामले को देखते हुए विजयवाड़ा स्थित स्वर्णा पैलेस होटल को कोविड-19 सेंटर के रूप में तब्दील किया गया था। इस होटल में 22 मरीजों का इलाज चल रहा था। वहीं, कर्मचारियों को मिलाकर 50 के करीब लोग यहां रह रहे थे।
आग लगने से कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। फिलहाल इस घटना में सात लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है और माना जा रहा है मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल मृतकों के शवों को होटल से बाहर निकाल लिया गया है।
दमकल विभाग सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गया और आग बुझाने में जुटा हुआ है। बताया गया है कि कई लोगों के होटल में फंसे होने की आशंका है। फिलहाल लोगों को बचाने के लिए राहत बचाव कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
विजयवाड़ा में आग लगने की घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने दुख और शोक व्यक्त किया है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी ली है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बचाव के उपाय करने और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इसकी जानकारी दी गई है।
कार्यालय ने बताया है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुर्घटना की जांच करने के भी निर्देश दिए हैं। जिस होटल में आग लगी थी, उसे लीज पर लिया गया था और कोविड-19 रोगियों के इलाज के लिए एक निजी अस्पताल द्वारा संचालित किया जा रहा था।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
वहीं, इस घटना के संबंध में कृष्णा जिले के जिलाधिकारी मोहम्मद इम्तियाज का कहना है कि यह घटना सुबह पांच बजे हुई। इस अस्पताल में 22 मरीजों का इलाज चल रहा था। उन्होंने कहा कि पूरी इमारत को खाली करवाया जा रहा है। शुरुआती रिपोर्ट से पता चला है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है, लेकिन हमें आग लगने के असल कारणों का पता लगाना होगा।
आग से बचने के लिए खिड़कियों पर लटके लोग
वहीं, अचनाक आग लगने की वजह से कई लोग डरकर ऊपर से ही कूद गए। कोविड सेंटर में आग लगने के बाद कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे लोग आग और धुएं से बचने के लिए खिड़कियों से बाहर लटक रहे हैं।
पहले गुजरात के कोविड अस्पताल में लगी थी आग
इससे पहले, गुरुवार को गुजरात के अहमदाबाद में एक कोविड-19 अस्पताल के आईसीयू में आग लग गई थी। इसमें आठ कोरोना मरीजों की मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया था कि यहां शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। वहीं, इस घटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपये मदद की घोषणा की थी।


