
कोरबा । कलेक्टर साहू ने समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राशन, पेंशन व राजस्व प्रकरणों के निराकरण मे तेजी लाने के निर्देश दिये है। कलेक्टर साहू ने बैठक में राशन कार्ड, पेंशन भुगतान व वन अधिकार पट्टे वितरण की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने पेंशन के लंबित भुगतानों की समीक्षा और जांच कर हितग्राहियों को पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड बनाकर राशन उपलब्धता सुनिश्चित कर नागरिको को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर साहू ने जिले के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों के प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने स्कूल भवनों में मरम्मत, रंग-रोगन, विद्युतीकरण, शौचालय निर्माण, पुस्तकालय, मैदान समतलीकरण आदि अधोसंरचना के कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश सभी जनपद पंचायत के मुख्य कायर्पालन अधिकारियों को दिए। उन्होने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मिडियम स्कूलों का निरीक्षण कर शिक्षकों के पढाने की गुणवत्ता आदि के बारे में भी जानकारी लेने के निर्देश दिये। कलेक्टर साहू ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को विकासखंड कार्यालयों का निरीक्षण कर कार्यालय संचालन, दस्तावेज संधारण व साफ-सफाई का जायजा लेने के भी निर्देश दिये।




