
रायगढ़। बरमकेला ब्लॉक के ग्राम पंचायत अमेरी के पूर्व सरपंच ने अपने कार्यकाल में गांव को स्वच्छ रखने के लिए घर-घर शौचालय बनवाया, मगर प्रोत्साहन राशि के रूप में फूटी कौड़ी नहीं मिली। यही वजह है कि बुजुर्ग ने अब कलेक्टर के दरबार में गुहार लगाई है।
जनदर्शन में कलेक्टर भीम सिंह के नाम आवेदन लेकर सोमवार को बरमकेला विकासखंड के ग्राम पंचायत अमेरी के पूर्व सरपंच लक्ष्मण चौहान भी फरियाद लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा। लक्ष्मण का कहना है कि उसने अपने सरपंच के कार्यकाल में गांव में शौचालय बनवाया, मगर प्रोत्साहन राशि के रूप में मिलने वाली 3 लाख 55 हजार 300 रुपए उसे नहीं दी गई। उसने इसके लिए जनपद पंचायत बरमकेला और जिला पंचायत सीईओ से शिकायत की तो उन्होंने अमेरी के वर्तमान सरपंच तथा सचिव को रकम भुगतान का आदेश भी दिया, परन्तु उसे आजतलक फूटी कौड़ी नहीं मिली।
लक्ष्मण का आरोप है कि अमेरी के सरपंच और सचिव जानबूझकर उसे शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि दिलाने में दिलचस्पी नहीं लेते हुए अधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने से भी नहीं चूक रहे।
यही वजह है कि बरमकेला से रायगढ़ के सरकारी दफ्तरों में भटकने वाले पूर्व सरपंच ने अब जिलाधीश को ज्ञापन देते हुए रकम दिलवाने की मांग की है।




