
- धान नहीं बिकने पर वापस जाने के दौरान हुआ हादसा, आरोपी चालक हुआ नौ दो ग्यारह
रायगढ़। धान नहीं बिकने पर गांव वापसी के दौरान आधी रात को ट्रैक्टर चालक के अचानक ब्रेक मारने से ट्रॉली ऊपर सोया मजदूर युवक इस कदर गिरा कि उसके सिर से पहिया पार होते ही वह चल बसा। घटना के बाद फरार ट्रैक्टर चालक की पुलिस सरगर्मी से खोजबीन कर रही है।दिल को दहला देने वाला यह हादसा सरिया थाना क्षेत्र का है।
शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात तकरीबन 2 बजे शत्रुघन क्रशर के सामने ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक दबा दिया। नतीजतन, ट्रॉली में धान बोरी के ऊपर नींद में गाफिल ईश्वर नीचे गिर गया और वाहन का पहिया उसके सिर को रौंदते हुए पार हो गया। वहीं, ईश्वर की चीख चीत्कार सुन ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार मजदूर गाड़ी रुकवाते हुए घायल साथी के पास पहुंचे तो उनकी आंखों के सामने ही वह मौत के आगोश में समा गया। वहीं, अपने वाहन से मजदूर को तड़पते हुए काल कलवित होते देख आरोपी चालक पकड़े जाने के डर से भाग गया। बहरहाल, घटना के चश्मदीदों के बयान के आधार पर सरिया पुलिस ने धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त करते हुए भादंवि की धारा 304 ए के तहत फरार चालक की तलाश कर रही है।



