छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में कानून का राज,अपराधी बच नहीं सकते -सुशील

रायपुर । प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में पंद्रह साल तक भाजपा ने अपराधी राज चलाया। भ्रष्ट कमीशन मंडली ने तरह तरह के अपराधी गिरोहों की गाजरघास पैदा कर दी थी। जिसे भाजपा सरकार के साथ ही उखाड़ कर फेंका जा चुका है। तब छत्तीसगढ़ में अपराधी पकड़े नहीं जाते थे। अब छत्तीसगढ़ में किसी भी तरह के अपराधी बच नहीं सकते। कांग्रेस सरकार में कर्मठ पुलिस किसी भी अपराध के मामले में आरोपी की जल्द से जल्द पतासाजी करके उसे कानून की गिरफ्तर में लाती है।

छत्तीसगढ़ में कानून का राज है। भाजपा अपना जंगल राज याद कर रही है और बेबुनियाद आरोप कांग्रेस पर लगाने की धूर्तता दिखाती है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि भाजपा के राज में झलियामारी जैसे कांड होते थे तब इनके पूज्य सरसंघचालक मोहन भागवत कहा करते थे कि इंडिया में दुष्कर्म होते हैं, भारत में नहीं। तब वह यह नहीं बताते थे कि छत्तीसगढ़ का झलियामारी भारत है कि नहीं। भाजपा के राज में छत्तीसगढ़ की हजारों बेटियां लापता हो गईं तब क्या रमन सिंह सहित सभी भाजपा नेता गांधारी बने थे या धृतराष्ट्र?

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि भाजपा अपनी दुर्दशा की चिंता करे। छत्तीसगढ़ की चिंता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अच्छी तरह कर रहे हैं। हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति के अनुरूप नवा छत्तीसगढ़ गढ़ दिया है। छत्तीसगढ़ के तीज तिहार सारी दुनिया में जाने और माने जा रहे हैं। सारी दुनिया जानती है कि किसानों को कर्ज मुक्त कर उन्हें धान का 2500 रुपये सिर्फ छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार दे रही है। आदिवासियों किसानों की जमीन हड़पने वाली भाजपा मगरमच्छ साबित हो रही है। घड़ियाली आंसू बहाने की बजाय यह कबूल करना चाहिए कि भाजपा के कुशासन में हजारों किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर हुए। भाजपा पर किसान आत्महत्या का जो पाप चढ़ा है, वह उतरने वाला नहीं है। कांग्रेस की सरकार ने किसानों, किसानी मजदूरों, शहरी श्रमिकों के साथ साथ पशुधन को न्याय दिया है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है। छत्तीसगढ़ की जनता के हर वर्ग में खुशहाली आई है तो भाजपा के होश उड़ गए हैं और बदहवास भाजपा नेता आधारहीन तथा घटिया बयानबाजी कर रहे हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!