

रायगढ़ । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर्मचारियों एवं पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों की स्वास्थ्य जांच और इलाज कराने की घोषणा की थी। घोषणा के तहत निगम प्रशासन ने निगम के मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से मंगलवार दिनांक 19 अप्रैल 2022 और गुरुवार दिनांक 21 अप्रैल 2022 को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर में 137 लोगों की जांच व इलाज किया गया।



पहला हेल्थ कैंप मंगलवार को पुलिस लाइन रायगढ़ में किया गया। यहां पुलिसकर्मी एवं उनके परिवार के 45 लोगों की विभिन्न जांच जैसे बीपी, शुगर, खून की कमी आदि की जांच की गई और निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इसी तरह गुरुवार को पुलिस लाइन उर्दना में हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। यहां पुलिसकर्मी व उनके परिवार से संबंधित 92 लोगों की विभिन्न जांच इलाज कर निशुल्क दवाइयां वितरण किया गया। स्वास्थ्य शिविर में जाँच एवं इलाज सहित निशुल्क दवाइयों के वितरण संबंधित व्यवस्थाओं की सभी लोगों ने सराहना की और समय-समय पर स्वास्थ शिविर आयोजित करने की बात कही। इस पर निगम प्रशासन ने एक निश्चित समय पर एमएमयू के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर लगाने का आश्वासन दिया।




