नींबू है कि सोना : खेत से चोरी हुए 15 हजार नींबू, किसान ने तैनात किए लठैत…

कानपुर । गर्मी बढ़ने के साथ ही नींबू की मांग भी बढ़ने लगती है। लेकिन इस बार नींबू की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि ने लोगों को हैरान कर दिया है। कभी आम रहने वाला नींबू इस साल ख़ास हो गया है। आसमान छूती कीमतों के चलते अब तो इसकी लूट भी होने लगी है। यूपी में इसी प्रकार का पहला मामला कानपुर के बिठूर में दर्ज किया गया है, जहां एक किसान के खेत से लगभग 15 हजार नींबू चोरी हो गए हैं। खेत की रखवाली के लिए किसान ने अब लठैतों की फ़ौज तैनात कर दी है।
कानपुर के बिठूर में एक खेत से 15 हजार नींबू चोरी हो गए हैं। इस संबंध में पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। दरअसल बिठूर में नींबू की खेती भारी मात्रा में की जाती है। इसकी कीमतों में वृद्धि होने के बाद अब किसानों को इनकी रखवाली के लिए तरह-तरह के उपाय करने पड़ रहे हैं। इस बीच किसानों ने बाग की रखवाली के लिए लठैत तैनात कर दिए हैं। इन लठैतों पर भारी खर्चा दिया जा रहा है। इससे पहले शाहजहांपुर और बरेली में नींबू चोरी के मामले आए थे। शाहजहांपुर में सब्जी मंडी से 60 किलोग्राम नींबू की चोरी हुई थी, जबकि बरेली में डेलापीर मंडी से 50 किलो नींबू चोरी हुए थे।



