मोटर साइकिल से आकाबेड़ा पहुंचे कलेक्टर-एसपी

नारायणपुर । कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार की सुबह मोटर सायकल से धुर नक्सल प्रभावित गांव आकाबेड़ा पहुंचे। वहां पहुंचकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य केन्द्र स्थित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र में आये मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की और स्वास्थ्य केन्द्र से दी जा रही सुविधाओं के बारे में पूछा। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ चिकित्सकों और अन्य स्टाफ से बातचीत की और उनकी समस्याओं आदि के बारे में पूछा।
इस दौरान कलेक्टर रघुवंशी और पुलिस अधीक्षक कुमार ने आकाबेड़ा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार स्थल का भी निरीक्षण किया। आकाबेड़ा का बाजार स्थल में आसपास के ग्राम पंचातयों कस्तुरमेटा, कुतुल, मोंहदी के ग्रामीण आते हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाजार के दिन दुकान लगाने वाले दुकानदारों एवं ग्रामीणों की सुविधा के लिए बाजार स्थल पर शेड निर्माण कराना सुनिश्चित करें।




