महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव : जैन दादाबाड़ी में रविवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर

रायपुर । भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत जारी जीयो और जीने दो पर आधारित विविध समाजसेवी, धार्मिक व अन्य कार्यक्रमों की कड़ी में रविवार, 10 अप्रैल को प्रात: 10 बजे से जैन दादाबाड़ी एमजी रोड में स्व. लूनकरण पारख की प्रथम पुण्यतिथि पर नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर व महासचिव मनोज कोठारी ने बताया कि इस वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 24 डिपार्टमेन्ट के 50 से अधिक विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करेंगे। इनमे नाक कान गला, जनरल सर्जरी, फेफड़ा रोग, कैंसर सर्जन, शिशु रोग, स्त्री रोग, पेट रोग, मेडिसिन, हड्डी रोग, कैंसर फिजिशियन, मूत्र रोग, जनरल फिजिशियन, दंत रोग, हृदय रोग, चर्म रोग, प्रसूति रोग, नेत्र रोग, एक्यूप्रेशर, नेचुरोपैथी, होम्योपैथी, आयुर्वेद, योग थेरेपिस्ट, फिजियोथैरेपी के विशेषज्ञ चिकित्सक जांच-परीक्षण व उपचार कर नि:शुल्क परामर्श देंगे।
भगवान महावीर जन्मकल्याण महोत्सव समिति के मुख्य सलाहकार विजय चोपड़ा व कमल भंसाली सहित कोषाध्यक्ष गुलाब दस्सानी ने बताया कि यह वृहद हेल्थ कैम्प श्रीमती विमला देवी पारख, विका-निलिमा पारख परिवार रायपुर के सौजन्य से संचालित किया जाएगा। शिविर का प्रभार भारतीय जैन संघटना रायपुर जोन के प्रदेश उपाध्यक्ष व मेडिकल कैंप चेयरमेन सरिता चौधरी, जोन अध्यक्ष मंजू कोठारी व जोन सचिव वैभव गोलछा सम्हालेंगे। शिविर का लाभ लेने के इच्छुकजन अग्रिम पंजीयन के लिए नवीन जैन ढेलडिया के मोबाइल नंबर 9406087514, श्रीकांत कोठारी से 9755558000 पर अथवा राकेश बागरेचा से सेल नंबर 7471166044 पर संपर्क कर सकते हैं।
जैन संतों के विहार के समय वाहनों से सुरक्षा के लिए रविवार को विशेष जागरूकता अभियान
भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव-2022 के अंतर्गत दिगम्बर जैन महासमिति छत्तीसगढ़ महिला शाखा रायपुर द्वारा जैन साधु-संतों के विहार के समय वाहनों से सुरक्षा हेतु विशेष जागरूकता अभियान का संचालन रविवार, 10 अप्रैल को दोपहर 2.30 बजे से टोल प्लाजा-कुम्हारी में किया जाएगा। इस अभियान के तहत ट्रक चालकों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा कि वे जैन साधु-संतों के पग विहार के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, वाहन नियंत्रित गति से चलाएं और विहार करते मुनियों की जान बचाएं। इस अभियान में महासमिति की अध्यक्ष श्रीमती जया जैन,सचिव श्रीमती संध्या जैन, कोषाध्यक्ष श्रीमती दीप्ति जैन आदि की भागीदारी रहेगी।
डिग्री गर्ल्स कॉलेज को स्टील बेंचेस प्रदत्त
प्रभारी महामंत्री महावीर कोचर ने बताया कि भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के समाजसेवी कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘करनी है जीवन की रक्षा-करो कन्याओं की सुरक्षा’ के संदेश का अनुसरण करते हुए अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल रायपुर ने डिग्री गर्ल्स कॉलेज के लिए स्टील बेंचेस प्रदान किए। मुख्य अतिथि रूप में विधायक कुलदीप जुनेजा की धर्मपत्नी श्रीमती किरण जुनेजा सम्मिलित हुई।
साथ ही महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. श्रद्धा गिरोलकर सहित प्राध्यापिकाएं डॉ. कल्पना मिश्रा, डॉ. अल्का वाढेर, डॉ. कल्पना लाम्बे, डॉ. प्रीति शर्मा, लता शुक्ला, डॉ. ऋचा टिकरिहा, डॉ. कल्पना पॉल, डॉ. नंदा गुरुवारा, डॉ. सरिता मिश्रा, डॉ. पीएम लाल, डॉ. क्षिप्रा बैनर्जी, डॉ. शम्पा चौबे, डॉ. मनीषा महापात्र, डॉ. अरुणा श्रीवास्तव, डॉ. मधु श्रीवास्तव, डॉ. उषा किरण आदि उपस्थित थे. इस सेवा अभियान में तेरापंथ महिला मंडल की ललित धाड़ीवाल, माया सेठिया, नेहा जैन, सरिता बरलोटा, रितु पोकरणा, सरिता ओसवाल, प्रतिभा पोकरणा, ज्योति बैद, सोनू सुराना, किरण गादिया, मंजू मालू, कविता जैन आदि सदस्यों की सहभागिता रही।
प्रभात फेरी आज पंचशील नगर से
भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा धर्म व जीयो और जीने के संदेशों को जन-जन तक प्रसारित करने के उद्देश्य को लेकर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिदिन प्रात: 6.30 बजे पंद्रह दिवसी प्रभात फेरियों का क्रम इन दिनों जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को शंकरनगर स्थित श्री चिंतामणि पार्श्वनाथ श्वेताम्बर जैन मंदिर शंकरनगर से श्रीचंद्रप्रभ दिगंबर मंदिर होते हुए संदीप भवन शंकर नगर तक प्रभात फेरी निकाली गई। जिसका संयोजन डॉ. सुशील कोटेचा व सतीश टाटिया ने किया। शनिवार, 9 अप्रैल को पंचशीलनगर स्थित उत्तमचंद मूथा के निवास स्थान पंचशील नगर से पाम रेसीडेंसी कटोरातालाब तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसके संयोजक धरमचंद लूनिया व राजेश बागरेचा हैं। प्रभात फेरियों का क्रम निरंतर रविवार, 13 अप्रैल तक जारी रहेगा। 14 अप्रेल को सकल जैन समाज भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक मनाएगा।




