विविध खबरें

सीएम शिवराज पहले राज्यपाल से मिले फिर भाजपा कार्यालय में चली देर रात तक बैठक, सियासी हल-चल तेज…

भोपाल ।

Advertisement
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार देर रात अचानक प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद के साथ करीब डेढ़ घंटे बैठक की। रात 11 बजे तक चली बैठक में महाकोशल, मध्यभारत और मालवा प्रांत में सह संगठन मंत्रियों की नियुक्ति को लेकर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री की बुधवार शाम को राज्यपाल मंगुभाई पटेल से हुई मुलाकात के मद्देनजर मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री बुधवार को सुबह ही भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे थे। उनका देर रात यहां पहुंचने का कोई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम नहीं था। वे गुरुवार को कटनी में होने वाले बिजली बिल माफी कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे।

यहां पहले से राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद मौजूद थे। इन चारों के बीच डेढ़ घंटे बैठक हुई। सूत्रों का कहना है कि बैठक में सह संगठन मंत्रियों की नियुक्ति को लेकर पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के नाम पर विचार किया गया। मंत्रिमंडल में विस्तार पर भी चर्चा की गई। हालांकि, इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

भाजपा किसान मोर्चा 10 अप्रैल को पूरे प्रदेश में किसान सम्मेलन आयोजित कर रहा है। इसके माध्यम से मोर्चा केंद्र और राज्य सरकार की जनहितैषी नीतियों को जनमानस तक पहुंचाएगा। बुधवार को किसान मोर्चा की वर्चुअल बैठक में यह निर्णय लिया गया है। बैठक में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डा. अनिल बोंडे, मोर्चा के प्रदेश प्रभारी शरदेंदु तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दर्शनसिंह सहित मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री व मीडिया प्रभारी मौजूद रहे। चौधरी दर्शन सिंह ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान एवं जन हितैषी नीतियों को मोर्चा किसान सम्मेलन के माध्यम से जनमानस तक पहुंचाएगा।

Advertisement
Advertisement
Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!