मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात शूटर मनीष सिंह…

वाराणसी। यूपी के वाराणसी जिले के लोहता क्षेत्र में 21 मार्च को एसटीएफ की टीम ने पूर्वांचल के कुख्यात शूटर मनीष सिंह उर्फ सोनू को मुठभेड़ में मार गिराया। पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में मनीष सिंह उर्फ सोनू के विरुद्ध 32 मामले दर्ज थे। मार्च 2021 में यूपी पुलिस ने शूटर मनीष पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
एसटीएफ के वाराणसी परिक्षेत्र के एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि पिछले दो सालों से कुख्यात शूटर मनीष सिंह की तलाश थी। सोमवार 21 मार्च को जानकारी मिली कि मनीष सिंह लोहता क्षेत्र के बनकट रेलवे क्रासिंग के पास मौजूद है। इसकी जानकारी होने पर एसटीएफ की टीम ने इंस्पेक्टर शैलेन्द्र प्रताप सिंह की अगुवाई में घेराबंदी की।
खुद को पुलिस से घिरा देख मनीष ने कार्बाइन से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दिया। बचाव में एसटीएफ की टीम ने भी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में मनीष सिंह मारा गया।
यूपी एसटीएफ के एडीजी अमिताभ यश ने कुख्यात शूटर मनीष सिंह उर्फ सोनू को मार गिराने वाली टीम की सराहना की है। मनीष सिंह मूलत: वाराणसी का ही रहने वाला था। रंगदारी मांगना, सुपारी लेकर हत्या करना जैसी जघन्य वारदातों को वह आये दिन कारित करता था।




