प्रभारी सचिव ने किया परसागुड़ी गोठान का अवलोकन



बलरामपुर 14 मार्च 2020/ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रभारी सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ जिला प्रवास के दौरान विकासखंड राजपुर के ग्राम परसागुड़ी पहुंचे। उन्होंने परसागुड़ी स्थित गोठान का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शासन के मंशानुरूप गोठान को आजीविका का केंद्र बनाने का जो संकल्प लिया गया था, परसागुड़ी का गोठान उन उद्देश्यों को पूरा कर रहा है। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने उन्हें गोठान में किये जा रहे कार्यों से अवगत कराया एवं महिला समूहों द्वारा की जा रही सभी व्यावसायिक गतिविधियों की भी जानकारी दी। गोठान में महिला स्व सहायता समूह के द्वारा बाड़ी विकास का कार्य किया जा रहा है, जिसमें महिलाएं प्रमुखता से उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर रही हैं।
प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने पूरे गोठान का भ्रमण करते हुये स्व-सहायता की महिलाओं से बात कर उनके अनुभव के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि गोठान हमारे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने का प्रमुख साधन बन कर उभर रहा है। गोठान में महिलाए टमाटर, भिंडी, लौकी, करेला जैसे उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर रही हैं। इसके साथ ही महिलाएं बड़े पैमाने पर आयस्टर मशरूम का भी उत्पादन कर रही है। समूह की महिलाओं ने प्रभारी सचिव को बताया कि वे जैविक खाद का उत्पादन भी कर रही है । जैविक खाद निर्माण हेतु लगाए गए बेड में उन्होंने धनिया एवं पालक लगाकर 4000 रुपए का आय प्राप्त किया है। महिलाओं द्वारा किये जा रहे स्वीटकाॅर्न एवं मशरूम की खेती पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुये कहा कि कृषि में यह नवाचार महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करेगी।
कलेक्टर ने प्रभारी सचिव को जानकारी दी कि गोठान में पशुओं के लिए चारे-पानी की व्यवस्था की गई है, जिससे पशु खुले में विचरण नहीं करते हैं। पशुओं के खुले में विचरण न करने से किसान रबी की फसल ले पा रहे हैं।
इस अवसर पर आयुक्त सरगुजा संभाग ईमिल लकड़ा, मुख्य वन संरक्षक वन वृत्त सरगुजा ए के मिंज, वनमण्डलाधिकारी प्रणय मिश्रा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आर एस लाल सहित विभागीय अधिकारी/कर्मचारी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



