ख़बरें जरा हटकरराजनीतीविविध खबरें

भाजपा ने फाइनल किए 60 टिकट, आज होगी उम्मीदवारों की घोषणा…

देहरादून । उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को 60 से अधिक टिकट फाइनल कर दिए हैं। गुरुवार दोपहर 12 बजे पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर देगी। शेष सीटों पर दोबारा मंथन के बाद अगले प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी हो सकती है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने गुरुवार तक प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो जाने की पुष्टि की।

बुधवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, उत्तराखंड से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार शामिल हुए।

सूत्रों के मुताबिक, देर रात तक उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आए नामों के पैनल पर मंथन हुआ। इनमें से 60 से अधिक सीटों पर नाम फाइनल कर लिए गए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक हरिद्वार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उनके अलावा सभी मंत्रियों के टिकट भी फाइनल हो गए हैं। गुरुवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो जाएगी। कोटद्वार, डोईवाला समेत करीब 10 सीटों पर पार्टी बाद में निर्णय करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक में सभी 70 सीटों के पैनल पर गहन विचार-विमर्श हुआ। अधिकांश विस सीटों पर नाम फाइनल हो चुके हैं। गुरुवार को प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हो सकती है।

कांग्रेस भी जल्द जारी कर सकती है उम्मीदवारों की सूची
टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस में भी लगातार मंथन का दौर जारी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस भी जल्द अपने उम्मीदवारों का एलान कर सकती है। दरअसल, भाजपा और कांग्रेस के बीच टिकटों की घोषणा को लेकर रणनीतिक तौर पर पहले आप, पहले आप की होड़ लगी थी। एक-दूसरे के उम्मीदवारों की सूची देखकर अपने पत्ते खोलने की बात कही जा रही थी। अगर भाजपा अपने सीटों का एलान गुरुवार को कर देती है तो समझा जाता है कि कांग्रेस की सूची भी जल्द जारी हो सकती है। यह भी बताया गया है कि हरक सिंह की कांग्रेस में वापसी पर भी पार्टी जल्द फैसला लेगी।

नामांकन 21 से..
प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन शुक्रवार से शुरू होने जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। कोविड संक्रमण की वजह से पहली बार ऑफलाइन के साथ ही ऑनलाइन नामांकन की सुविधा भी दी जा रही है। हालांकि ऑनलाइन नामांकन पत्र भरने वालों को भी ऑफलाइन उसका प्रिंट जमा कराना होगा।

चुनाव आयोग के नोटिफिकेशन के मुताबिक, शुक्रवार से प्रदेशभर में विधानसभा चुनाव के नामांकन शुरू हो जाएंगे। 28 जनवरी तक नामांकन कर सकेंगे। इसके बाद 29 जनवरी को नामांकन की छंटनी होगी। 31 जनवरी तक नाम वापस ले सकते हैं। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
इस बार नामांकन की प्रक्रिया ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन भी होगी। इसके लिए चुनाव आयोग ने सुविधा पोर्टल की शुरुआत की है। इस पोर्टल के माध्यम से प्रत्याशी अपने फॉर्म डाउनलोड कर सकता है, भर सकता है, शुल्क जमा करा सकता है।

दस हजार रुपये है जमानत राशि
विधानसभाचुनाव नामांकन के लिए सभी प्रत्याशियों के लिए जमानत राशि दस हजार रुपये है। आरक्षित वर्ग के प्रत्याशियों के लिए यह रकम पांच हजार रुपये होगी। राजपुर रोड के रिटर्निंग ऑफिसर रजा अब्बास ने बताया कि जो प्रत्याशी ऑनलाइन नामांकन करेगा, उसे नामांकन से जुड़े सभी दस्तावेज का प्रिंट लाकर संबंधित आरओ के पास जमा कराना होगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!