कोरबाछत्तीसगढ़

प्रयास आवासीय विद्यालय में पढ़ने के अवसर का भरपूर उपयोग करे : कलेक्टर

कोरबा कलेक्टर रानू साहू ने सोमवार को स्याहीमुड़ी स्थित एजुकेशन हब में पहुंचकर प्रयास आवासीय विद्यालय और बालिका आश्रम का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने प्रयास विद्यालय पहुंचकर वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों और शिक्षकों की जानकारी स्कूल की प्राचार्या से ली। साहू ने कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं की कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रयास स्कूल में पढ़ रहे विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने और सफल होने के लिए प्रोत्सहित किया। कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से आवासीय विद्यालय में मिलने वाली पढ़ाई की सुविधाओं सहित रहने और खाने-पीने की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
उन्होंने कक्षा ग्यारहवीं की गणित विषय की कक्षा में जाकर पढ़ रहे विद्यार्थियों से अभी तक पूरे हो चुके सिलेबस और पढ़ाई के लिए समय सारणी आदि के विषय मे जानकारी ली। कलेक्टर ने कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा आंचल बघेल, कामना सिंह और मोहित कुमार से प्रयास विद्यालय में पढ़ाई की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रयास विद्यालय के हॉस्टल में सुबह-शाम मिलने वाले नाश्ता-भोजन आदि के बारे में भी पूछा।
विद्यार्थियों ने कलेक्टर को बताया कि नाश्ता में पोहा, पकौड़े एवं इडली आदि दिए जा रहे हैं। भोजन में चांवल, दाल, सब्जी आदि दी जाती है। विद्यार्थियों ने बताया कि रविवार को विशेष भोजन भी छात्रावास में दिया जाता है। प्रयास आवासीय विद्यालय निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त आदिवासी विकास माया वॉरियर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे । बालिका आश्रम में मध्यान्ह भोजन नही मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और तत्काल इसे शुरू करने निर्देश दिए । उन्होंने बालिका आश्रम के किचन में जाकर विद्यार्थियों के लिए बनाए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी परखी और रसोईयों को गुणवत्ता युक्त स्वादिष्ट भोजन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के भोजन करने की बैठक व्यवस्था के लिए डाइनिंग हॉल में सुनियोजित तरीके से टेबल और कुर्सी लगाने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने और वॉश एरिया में टूट-फूट की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी सहायक आयुक्त को दिए।
विद्यार्थियों के संक्षिप्त कार्यक्रम में कलेक्टर ने विद्यार्थियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि प्रयास आवासीय विद्यालय में पढ़ने का सुनहरा अवसर आप लोग को मिल रहा है। प्रयास स्कूल में पढ़ने के इस मौके को लक्ष्य बनाकर और छोटे-छोटे टारगेट तय कर अच्छे से पढ़ाई करें। प्रयास स्कूल में पढ़ने-लिखने, रहने-खाने, सुरक्षा-स्वास्थ्य आदि सभी सुविधाएं शासन प्रदान कर रही है। इंजीनियरिंग और मेडिकल की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी विशेष तौर पर तैयारी करवायी जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को कहा कि प्रयास स्कूल में पढ़ने के मिले मौके को सदुपयोग करके नियमित पढ़ाई करें। परीक्षा की तैयारी के लिए पिछले वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल करते रहें। इस मौके पर कलेक्टर ने कक्षा बारहवीं के पीईटी, पीएमटी की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को निःशुल्क स्टडी मटेरियल भी वितरित किया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!