उपार्जन केन्द्रों से धान के उठाव में तेजी लाएं : कलेक्टर
बालोद – कलेक्टर महोबे ने कहा कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है, उपार्जन केन्द्रों से धान के उठाव में तेजी लाएं। कलेक्टर महोबे आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने अब तक हुए धान उठाव की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जिम्मेदारीपूर्वक धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण करें। धान उपार्जन केन्द्रों में सुचारू रूप से धान खरीदी कार्य जारी रहे। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों को परेशानी न हो। उन्होंने मिलर्स तथा शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से प्राप्त बारदानों की जानकारी ली।
कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना के तहत् खरीदे गए गोबर से वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन की विकासखंडवार जानकारी ली और वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन में धीमी प्रगति पर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने चयनित गौठानों में विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों के संचालन की जानकारी ली और नियमित रूप से आजीविकामूलक गतिविधियॉ संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री निवास, राज्य सचिवालय, पीजीएन, कमिश्नर कार्यालय, कलेक्टर जनचैपाल आदि में प्राप्त प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा विभागवार की और शेष प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, एडीएम विनायक शर्मा, एस.डी.एम. बालोद गंगाधर वाहिले, एस.डी.एम. गुण्डरदेही भूपेन्द्र अग्रवाल, एस.डी.एम. डौण्डीलोहारा प्रेमलता चंदेल, एस.डी.एम. गुरूर रश्मि वर्मा, डिप्टी कलेक्टर सिल्ली थामस, अभिषेक दीवान, सुब्रत प्रधान, मनोज मरकाम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।




