एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में मनाया गया वार्षिकोत्सव

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में मनाया गया वार्षिकोत्सव कार्यक्रम
विद्यालय के छात्रों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रम की मोहक प्रस्तुति
रायगढ़, 30 जनवरी 2020/ एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छोटेमुड़पार खरसिया में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन एवं मां सरस्वती की पूजा के साथ किया गया। इस मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धारÓ का गायन किया गया एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की मोहक प्रस्तुति दी गई। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर खरसिया एसडीएम गिरीश रामटेके मुख्य अतिथि तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शाखा रायगढ़ जितेन्द्र गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस मौके पर प्राचार्य अशोक कुमार भारद्वाज, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी खरसिया के उप प्राचार्य ओमप्रकाश चौबे उपस्थित थे।
एसडीएम गिरीश रामटेके ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एकलव्य की तरह कठिन परिश्रम करने वाले सदैव सफल होते हैं। जितेन्द्र गुप्ता ने कहा कि केवल परीक्षा में सफल होना ही नहीं अपितु उत्कृष्टता के साथ स्थान बनाना भी चाहिए तभी आप अपने और विद्यालयों का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय के 6 वीं एवं 12 वीं कक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय क्रीडा प्रतियोगिता संभाग, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
स्कूली छात्रों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। जिसमें लोकनृत्य करमा, ददरिया, सुआ नृत्य तथा नागपुरी नृत्य शामिल था। युगल नृत्य में पुष्पेन्द्र सिदार एवं कृष्णा सिदार तथा तन्मय एवं आशीष सिदार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। युगल नृत्य में द्वितीय स्थान विक्रम राठिया, अनुज लकड़ा, आदित्य, वरूण सिदार ने प्राप्त किया। समूह नृत्य में महेन्द्र एवं उनके साथी तथा अंकित राठिया एवं उनके साथी ने प्रथम स्थान एवं नंदकिशोर व उनके साथियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सफल छात्रों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन उपप्राचार्य ओम चौबे के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का विजेता संचालन जवाहर लाल सिन्हा एवं फबियानुस तिर्की द्वारा किया गया।




