छत्तीसगढ़रायगढ़विविध खबरें

गिरदावरी की जांच करने खेतों में पहुंचे कलेक्टर भीम सिंह

गिरदावरी की जांच करने खेतों में पहुंचे कलेक्टर भीम सिंह


लोइंग और जामगांव में हुई गिरदावरी का किया निरीक्षण
खसरावार फसल रकबे की एंट्री करने के दिये निर्देश


रायगढ़-जिले में गिरदावरी का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर भीम सिंह आज  गिरदावरी के निरीक्षण में लोइंग और जामगांव पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों के खेतों में जाकर मौका मुआयना किया और पटवारी द्वारा किये गए गिरदावरी की खसरा व नक्शा से मिलान कर जांच की। किसानों द्वारा लगायी गयी फसल और खसरावार एंट्री की गयी जानकारी को देखा। उन्होंने कहा कि खसरा अनुसार कितने रकबे में फसल लगायी गयी है, कौन सी फसल लगायी गयी है, कितनी जगह पर फसल नहीं लगायी गयी है अथवा जगह खाली है उसकी पूरी एंट्री रिकॉर्ड में करें।


कलेक्टर सिंह आज गिरदावरी के निरीक्षण में सबसे पहले लोइंग पहुंचे। यहां उन्होंने पटवारी द्वारा की गयी गिरदावरी के अनुसार रिकॉर्ड में हुई एंट्री की खेतों में जाकर किसानों द्वारा ली जा रही फसल से मिलान किया। खेत में जिस स्थान पर बोर है अथवा झोपड़ी बनाई गई है, या नहर निकली हुई है उतने रकबे को घटाया गया है अथवा नही इसकी भी जांच की। उन्होंने यहां किसानों द्वारा की जा रही सब्जी की खेती को भी देखा।

कलेक्टर सिंह ने कहा कि गिरदावरी अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इससे किसानों द्वारा कितने रकबे में कौन सी फसल ली जा रही है इसकी पूरी जानकारी तैयार की जाती है। जिसके आधार पर किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलता है। अत: यह पूरा कार्य पूरी गंभीरता से किया जाए। उन्होंने प्रत्येक खसरा क्रमांक के अनुसार उस रकबे में ली जा रही फसल की खेतों में जाकर जानकारी लेकर उसे इंद्राज करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने इसके पश्चात जामगांव क्षेत्र में भी गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने धान के बदले ली जा रही दूसरी फसल जैसे दलहन, तिलहन एवं वृक्षारोपण की जानकारी ली। किसानों द्वारा गत वर्ष और इस वर्ष ली जा रही फसलों के बारे में भी उन्होंने जानकारी ली और रिकॉर्ड में सभी जानकारी सही से इंद्राज करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने किसानों द्वारा ली जा रही रागी की फसल को भी देखा। कलेक्टर सिंह ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत धान के बदले किसानों द्वारा ली जा रही दूसरी फसल के रकबे की पूरी जानकारी भी रिकॉर्ड में दर्ज करने के लिए कहा। जिससे किसानों को योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने शेष बचे गिरदावरी कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम रायगढ़ युगल किशोर उर्वशा व क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक व हल्का पटवारी सहित किसान व ग्रामीण जन मौजूद रहे।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!