देश /विदेश

फिर टला कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव, CWC मीटिंग में लिया गया फैसला

नई दिल्ली। कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक में फैसला लिया गया है कि फिलहाल सोनिया गांधी ही पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाती रहेंगी। कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए जून में प्रस्तावित चुनाव को कोरोना महामारी की गंभीर स्थिति के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई कांग्रेस कार्य समिति (CWC) ने सर्वसम्मति से यह फैसला किया कि कोरोना महामारी (Coronavirus) से जुड़े हालात में सुधार होने तक यह चुनाव स्थगित किया जाए। सीडब्ल्यूसी की बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण (CEC) की ओर से तैयार चुनाव कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी थी, लेकिन बाद में फैसला किया गया कि मौजूदा स्थिति में चुनाव कराना उचित नहीं है।

इस चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, जून के आखिर में कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव कराया जाना था, उल्लेखनीय है कि साल 2019 के लोक सभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था, इसके बाद सोनिया गांधी को पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बता दें, पिछले साल अगस्त से कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव 3 बार टल चुके हैं।

CWC बैठक को संबोधित करते हुए, पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी ने कहा, ‘सीडब्ल्यूसी की यह बैठक हाल ही में हुए विधान सभा चुनावों के परिणामों पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई है, हमें अपने खराब प्रदर्शन पर ध्यान देने की जरूरत है, हमें स्पष्ट रूप से यह समझने की जरूरत है कि केरल और असम में सत्ताविरोधी लहर के बावजूद हम असफल क्यों हुए और क्यों बंगाल में हमारा सूपड़ा साफ हो गया।’ सोनिया गांधी ने कहा कि अगर हम वास्तविकता का सामना नहीं करते हैं, अगर हम तथ्यों को सामने नहीं रखते हैं, तो हमें सही सबक नहीं मिलेगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!