छत्तीसगढ़रायगढ़

कार्पोरेट आफिस की तर्ज पर बनेगा कलेक्टोरेट परिसर

कलेक्टर  भीम सिंह ने किया एसडीएम कार्यालय व कलेक्टोरेट परिसर का निरीक्षण

रायगढ़ । कलेक्टर  भीम सिंह ने आज कलेक्टोरेट के पीछे स्थित एसडीएम कार्यालय और पूरे कलेक्टोरेट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के समग्र परिसर की हर रोज सफाई कराने के निर्देश दिए। इसी तरह पीडब्ल्यूडी और उद्यान विभाग के अधिकारियों को कार्पोरेट आफिस की तर्ज पर कलेक्टोरेट परिसर को बनाने के निर्देश दिए।

कार्यालय पहुंचते ही कलेक्टर  सिंह ने एसडीएम कार्यालय परिसर का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम कार्यालय के सामने वाहन व्यवस्थित नहीं थे। परिसर में जगह-जगह कचरा फैला हुआ था, जिस पर कलेक्टर  सिंह ने एसडीएम कार्यालय में वाहनों को व्यवस्थित करने और कचरा रखने के लिए डस्टबीन रखने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर  सिंह ने हफ्ते में दो दिन परिसर की सफाई कराने के लिए निगम कमिश्नर  आशुतोष पाण्डेय को निर्देशित किया।

इसके बाद कलेक्टोरेट के पीछे के गेट से परिसर से आते हुए बाउंड्रीवाल से लगे कार्यालय का निरीक्षण कलेक्टर  भीम सिंह ने किया। इस दौरान पीएनबी एटीएम से लगे दो कमरे में आफिस का अनुपयोगी सामग्री रखा था, जिस पर कलेक्टर  सिंह ने नाजिर कर्मचारी को तलब करते हुए तत्काल अनुपयोगी सामग्री को खाली कराने और भवन को आफिस के लिए आबंटित करने के निर्देश कार्यालय अधीक्षक को दिए।

कलेक्टर  भीम सिंह ने कहा कि किसी भी कमरे में आफिस से संबंधित चेयर, टेबल, आलमिरा, दस्तावेज व अन्य सामान् नहीं होने चाहिए। इस दौरान उन्होंने अनुपयोगी सामग्री को तत्काल खाली कराकर जरूरतमंद विभाग को कमरा आबंटित करने आफिस सुपरिटेंडेंट को निर्देशित किया। इसके बाद पीएनबी एटीएम के सामने वाटर हार्वेस्टिंग को देखा।

इसे फक्शन मोड पर लाने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम से लगे सड़क के बाउंड्रीवाल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने लोगों के बैठक व्यवस्था को सुविधायुक्त करने और सामने की ओर बने वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को ठीक कराने के निर्देश दिए। इसी तरह कलेक्टोरेट बिल्डिंग पर एक जगह ऊपर से पानी गिर रहा था और नीचे कचरा भी फैला था।

कलेक्टर  सिंह ने वेस्ट पानी पाइप लाइन को नीचे तक लाने और कचरा फेंकने वालों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। तत्पश्चात उन्होंने कलेक्टोरेट के सामने के तरफ  मेन गेट तक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर  सिंह ने मेन गेट का रंग-रोगन करने के साथ नेम प्लेट की लाइट के साथ नए तरीके से पेंट करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर  सिंह ने गांधी प्रतिमा स्थित जगह, कलेक्टोरेट के सामने अगल-बगल में बने नर्सरी, सृजन सभा गृह सामने पार्किंग के सामने और कलेक्टोरेट के बीच के खाली जगह को गार्डन के रूप में आने वाले दो माह के अंदर विकसित करने के निर्देश दिए। इसी तरह कलेक्टोरेट की बिल्डिंग का रंग रोगन करने, ओवर पाइप को नीचे तक लाने और जहां पर भी दीवारों व स्थल पर गंदगी हो उसकी सफाई करने के निर्देश कलेक्टर  सिंह ने दिए। कलेक्टर  सिंह ने कहा कि कलेक्टोरेट परिसर में पूरे जिले के आम लोग आते हैं।

इसलिए यह आकर्षक दिखने के साथ व्यवस्थित भी होना चाहिए। कलेक्टर  भीम सिंह ने कलेटोरेट परिसर व कार्यालय को कार्पोरेट कार्यालय की तर्ज पर विकास आने वाले दो माह के भीतर करने के निर्देश पीडब्ल्यूडी और उद्यान विभाग के अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम  राजेन्द्र कटारा, निगम कमिश्नर  आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम  युगल किशोर उर्वशा सहित सभी विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

सैनिक कल्याण कार्यालय की तारीफ
कलेक्टर  भीम सिंह ने परिसर पर स्थित सैनिक कल्याण कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थित रूप से साफ -सुथरे और रंग-रोगन इस कार्यालय की तारीफ  की। उन्होंने कहा कि यह एक्स मेन आर्मी का कार्यालय है। आर्मी के लोग बहुत ही व्यवस्थित रहते हैं। यह बात उनके इस कार्यालय को देख कर समझ आती है। जिले के प्रत्येक कार्यालय को भी ऐसे ही व्यवस्थित और रंग-रोगन से परिपूर्ण होना चाहिए, ताकि यहां आने वाले लोगों को कार्यालय को देख कर ही साकारात्मक ऊर्जा मिले।

बनेगा फाउंटेन और लगेगा एलईडी डिस्प्ले
कलेक्टर कार्यालय के प्रवेश द्वार के सामने दीवार पर 6&4 का एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगेगा। इसमें शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को हमेशा प्रदर्शित किया जाएगा। इससे यहां पहुंचने वाले आम लोगों को शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी मिलेगी। इसी तरह महात्मा गांधी प्रतिमा स्थित फाउंटेन को भी बनाने के निर्देश कलेक्टर  भीम सिंह ने निगम कमिश्नर  आशुतोष पाण्डेय को दिए। निगम कमिश्नर आशुतोष पाण्डेय ने फाउंटेन बनाने के साथ इसमें लाइट लगाने और डिस्प्ले बोर्ड पर सुघ्घर रायगढ़ की परिकल्पना को भी प्रसारित करने की बात कही। इस पर निगम के सहायक अभियंता  सूरज देवांगन ने आने वाले कुछ ही दिनों में दोनों कार्य कराने की बात कही।

वाहनों को व्यवस्थित रखने मार्किंग जरूरी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर  सिंह ने परिसर में बेतरतीब वाहनों के खड़े होने पर ठेकेदार पर जमकर नाराजगी जाहिर की। इस दौरान उन्होंने कलेक्टोरेट के आगे और पीछे दोनों जगहों पर वाहनों के व्यवस्थित खड़े करने सड़क पर पेंट से मार्किंग करने और सामने की ओर सड़क के उस पार ही वाहनों को पार्किंग कराने के निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने परिसर मेें कचरा नहीं जलाने, सामुदायिक शौचालय के समुचित उपयोग के लिए बोर्ड लगाने, यहां फरियाद लेकर आने वाले लोगों के लिए बैठक व्यवस्था करने, मोबाइल टावर से लगे जर्जर भवन को डिस्मेंटल करने, यहां तैनात गाड्र्स के लिए कमरा आबंटित करने और संपूर्ण परिसर को कार्पोरेट कार्यालय की तर्ज पर व्यवस्थित बनाने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!