टीकरी बॉर्डर पर जहरीला पदार्थ खाने वाले किसान की इलाज के दौरान मौत

नई दिल्लीः दिल्ली के टीकरी बॉर्डर पर जहरीला पदार्थ खाने वाले एक किसान की आज एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है. इस दर्दनाक घटना की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी है. आपको बता दें कि किसान ने हाल ही में बॉर्डर पर ये कहकर जहर खा लिया था कि किसानों के लिए लाए गए कानून से वह नाखुश है औऱ कानून सब कुछ खत्म कह देगा.
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया है कि मृतक की पहचान जय भगवान राणा (42) के तौर पर हुई है वह हरियाणा के रोहतक जिले में पकासमा गांव का रहने वाला था. उन्होंने बताया है कि राणा ने मंगलवार को टीकरी बॉर्डर पर प्रदर्शन स्थल पर सल्फास की गोलियां खा ली थीं और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था. जो की वायरल हो गया था.
अपने सुसाइड नोट में राणा ने अपना दुख जाहिर करते हुए लिखा था कि वह एक छोटा किसान है और केंद्र के नए कृषि कानून के खिलाफ बहुत से किसान सड़कों पर हैं. उसने एक पत्र में लिखा है कि सरकार कहती है कि यह सिर्फ दो या तीन राज्यों का मामला है, लेकिन पूरे देश के किसान कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे है.
उसने आगे लिखा है कि ये दुखद है कि अब यह सिर्फ आंदोलन नहीं, बल्कि मुद्दों की लड़ाई बन गया है. किसानों और केंद्र के बीच बातचीत में भी गतिरोध बना हुआ है. पुलिस उपायुक्त (बाहरी दिल्ली) ए कोअन ने जानकारी देते हुए बताया है कि राणा को एंबुलेंस से संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है.
उन्होंने कहा है कि मामले में दंड प्रक्रिया संहिता के तहत कानूनी कार्यवाही की जा रही है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पिछले महीने पंजाब के एक वकील ने कथित तौर पर टीकरी बॉर्डर के प्रदर्शन स्थल से कुछ किलोमीटर दूर जहर खाकर खुदकुशी कर ली थी. जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी. जिसको लेकर सियासत भी काफी गरमा गई थी.




