ChhattisgarhKharsiaRaigarhखरसिया

गड्ढे से हादसा,भारी वाहनों से जाम: सेन्द्रीपाली से कुर्रुभांठा-बिंजकोट तक बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी….

सेन्द्रीपाली में हादसे के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति,कुर्रुभांठा-बिंजकोट मार्ग पर जाम से स्कूली बच्चे और राहगीर प्रभावित

भेषज बंजारा@राबर्टसन। सेन्द्रीपाली के पास स्टेट हाइवे-200 पर सड़क का बड़ा गड्ढा क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बना हुआ है। पिछले दिनों इसी गड्ढे की वजह से दर्रामुड़ा निवासी एक युवक वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद भी सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

इधर,कुर्रुभांठा से बिंजकोट मार्ग पर पिछले कल से भारी वाहनों के जाम ने समस्या को और गंभीर कर दिया है। औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण सड़क पर लंबी कतारें लग रही हैं। इसका सीधा असर राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की आवाजाही पर भी पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक परिवहन क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों का हिस्सा है,लेकिन सड़क पर जाम,गड्ढों और भारी वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही के कारण आम नागरिकों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि यदि समय रहते यातायात और सड़क व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

यातायात बहाल करने में जुटी पुलिस

इस संबंध में भुपदेवपुर थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक ने बताया कि पुलिस बल यातायात बहाल कराने के लिए मौके पर लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द यातायात सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

अब देखना यह है कि सड़क पर फंसे भारी वाहनों को हटाकर यातायात कब तक सुचारु किया जाता है और सेन्द्रीपाली के दुर्घटनाजनक गड्ढे की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग कब ठोस कदम उठाता है।

क्षेत्रवासियों की मांग है कि तत्काल राहत के साथ-साथ सड़क और औद्योगिक परिवहन व्यवस्था का स्थायी समाधान किया जाए,ताकि हादसों और जाम की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!