Raigarhजनसम्पर्क

सेवा संकल्प अभियान: 17 सितंबर को जिले में जलेंगे 05 लाख दीप

सिंदूर पार्क में 40 हजार से अधिक दीपों से जगमगाएगा रायगढ़

वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी मुख्य कार्यक्रम में होंगे शामिल

रायगढ़,जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया उत्सव’ के साथ होगी। इस अवसर पर जिले में जनभागीदारी के माध्यम से 05 लाख दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक घरों में ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया जाएगा। रायगढ़ शहर के सिंदूर पार्क में शाम 07 बजे 40 हजार से अधिक दीपों से रोशन होगा, जहां वित्तमंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।
आशीर्वाद का दिया’ उत्सव में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही अपने घरों में दीप प्रज्वलित करेंगे। यह दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार, शुभकामनाओं तथा सेवा और सुशासन के प्रति विश्वास का प्रतीक होगा। साथ ही, जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत /2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

योजनाओं की जानकारी से लेकर सेवा गतिविधियों तक व्यापक जनभागीदारी

सेवा संकल्प अभियान के दौरान जिले में राज्य, जिला, विकासखंड, ग्राम एवं वार्ड स्तर पर विभिन्न विभागों द्वारा विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने, उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने तथा सेवा आधारित गतिविधियों में आमजन की भागीदारी बढ़ाना है। अभियान के तहत बच्चों और युवाओं की भागीदारी से विकसित भारत की संकल्पना पर भाषण प्रतियोगिता, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम होंगे। ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के अंतर्गत जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज में आए सकारात्मक बदलावों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर होंगी। इसी तरह ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण एवं सामुदायिक सेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘कहानी बदलाव की’ के तहत शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के प्रेरक अनुभव और सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी।

रक्तदान से लेकर स्वच्छता और जल संरक्षण तक होंगे सेवा कार्य

अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, योग एवं ध्यान, प्लास्टिक मुक्त अभियान, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग, कैरियर काउंसलिंग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, अंगदान संकल्प और नशामुक्ति जागरूकता जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके साथ ही पोषण, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, जल स्रोतों की सफाई, कचरा पृथक्करण एवं कंपोस्टिंग, साइबर सुरक्षा, फिट इंडिया, वीरगाथा एवं सैनिकों का सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता एवं पंजीयन, वोकल फॉर लोकल तथा सहकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता सहित अनेक सेवा गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा होंगी।

‘सेवा सेतु’ से सरकार और नागरिकों के बीच मजबूत होगा जुड़ाव

अभियान के अंतर्गत सेवा संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान, जल-जन सेवा संकल्प,सेवा सेतु अभियान और सुशासन सेवा संवाद जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए विभागीय अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!