
भूपदेवपुर। थाना भूपदेवपुर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-49 पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भुपदेवपुर थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक ने उच्च एवं अति उच्च दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस बल ने संबंधित ग्रामों के पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर चिन्हित स्पॉट का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम काशीचुवा, चारभाठा और नवापारा पूर्व में चिन्हित दुर्घटना जन्य स्थलों का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान सड़क की मौजूदा स्थिति,दुर्घटना की संभावनाओं और यातायात सुरक्षा से जुड़े आवश्यक बिंदुओं का अवलोकन किया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम और सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में संबंधित विभागों को पृथक से प्रतिवेदन एवं पत्राचार किया जाएगा। इसमें दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से सुनिश्चित कराने की पहल की जाएगी।
पुलिस की इस कार्यवाही का उद्देश्य दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू कराना और एनएच-49 पर सड़क हादसों की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करना है।




