Kharsiaखरसिया

शीतला माता मंदिर में तोड़-फोड़ का आरोप, ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों पर कार्यवाही की मांग…

खरसिया। हमालपारा (शीतल नगर) स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर के हिस्से में कथित तौर पर तोड़-फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मोहल्लेवासियों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी खरसिया में लिखित शिकायत देकर मंदिर को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्तियों के साथ ही संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।

शिकायत के अनुसार,बुधवार शाम करीब 03 बजे चार व्यक्ति शीतला माता मंदिर के हिस्से को तोड़ रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे और कथित रूप से मंदिर तोड़ रहे लोगों को रोक दिया।

खरसिया चौकी

स्थानीय लोगों द्वारा जब उनसे मंदिर में तोड़-फोड़ किए जाने का कारण पूछा गया तो उन्होंने कथित तौर पर बताया कि वे ठेकेदार नरेंद्र साहू के कहने पर यह कार्य कर रहे थे।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मंदिर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और वहां की संरचना को नुकसान पहुंचने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है तथा स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि मामले में समय रहते कार्यवाही नहीं हुई तो स्थिति तनावपूर्ण हो सकती है।

मंदिर के क्षतिग्रस्त किए हिस्सा

मोहल्लेवासियों ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर मंदिर में तोड़-फोड़ करने वाले व्यक्तियों के साथ कथित रूप से निर्देश देने वाले ठेकेदार तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है।

शीतला माता मंदिर हमालपारा

शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि मामले में तत्काल उचित कार्यवाही नहीं की गई तो नगरवासियों द्वारा आंदोलन किया जाएगा। शिकायतकर्ताओं ने संभावित अप्रिय स्थिति के लिए शासन-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है।

सोशल मीडिया में वायरल हो रहा शिकायत पत्र…

अब पूरे मामले में पुलिस जांच और मौके पर मौजूद परिस्थितियों के आधार पर यह स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा कि मंदिर के हिस्से को किस अनुमति अथवा आदेश के तहत तोड़ा जा रहा था और इसमें संबंधित ठेकेदार अथवा अधिकारियों की वास्तविक भूमिका क्या थी। पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!