Raigarhरायगढ़

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा…

लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया की अध्यक्षता एवं राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह की सह-अध्यक्षता में हुई बैठक

आवागमन व्यवस्था,स्कूल भवनों और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों पर सांसदों ने की चर्चा

पीएम सूर्य घर योजना के तहत प्रत्येक विकासखंड में एक मॉडल ग्राम विकसित करने, जनऔषधि केंद्रों के प्रचार-प्रसार एवं जेनेरिक दवाइयों को बढ़ावा देने पर जोर

रायगढ़।लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया की अध्यक्षता एवं राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह की सह-अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं अधोसंरचना परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान योजनाओं का जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने तथा जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण करने पर जोर दिया गया।
बैठक में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया एवं राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने जिले की आवागमन व्यवस्था,स्कूल भवनों की स्थिति तथा जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। सांसदों ने कहा कि बारिश के दौरान खराब सड़कों के कारण आम नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यकतानुसार गड्ढों की मरम्मत कर आवागमन सुगम बनाया जाए।

साथ ही स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप मांग एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने पर जोर दिया गया। लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा,जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सड़कों, स्कूल भवनों एवं अन्य आवश्यक अधोसंरचना से संबंधित निर्माण एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य पूर्ण हो चुके हैं, लेकिन पात्र हितग्राहियों की संख्या अधिक है, वहां अतिरिक्त स्वीकृति के लिए शासन स्तर पर आवश्यक पत्राचार भी किया जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को गंभीरतापूर्वक कार्य करने के दिए निर्देश

बैठक में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने विभागीय अधिकारियों को समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में शासन की योजनाओं, कार्ययोजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी बेहतर समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए योजनाओं एवं विकास कार्यों का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।


बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष चर्चा की गई। सांसदों ने प्रत्येक विकासखंड में एक-एक ग्राम पंचायत का चयन कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से उसे मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। अधिकारियों को योजना के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिले में संचालित प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्रों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने पर भी विशेष चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जनऔषधि केंद्रों में अनेक दवाइयां बाजार मूल्य की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध हैं। सांसदों ने जनऔषधि केंद्रों के बेहतर प्रचार-प्रसार, उचित स्थानों पर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आमजन को इनके प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। साथ ही चिकित्सकों द्वारा लिखे जाने वाले पर्चों में जेनेरिक दवाइयों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे ने जिले में संचालित विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, सांसद आदर्श ग्राम योजना, कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वर्ष 2016 से 2023 तक की स्वीकृतियों के विरुद्ध 55 हजार 955 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं वर्ष 2024 से 2026 की अवधि में स्वीकृत आवासों के विरुद्ध 50 हजार 414 आवास पूर्ण किए गए हैं। पीएम जनमन योजना के तहत 171 आवास भी पूर्ण किए जा चुके हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिले की समूह की महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों, बैंक लिंकेज तथा विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। जिले में अब तक 56 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।


बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी ली गई। उद्यानिकी विभाग की योजनाओं के तहत सब्जी एवं पुष्प क्षेत्र विस्तार, मसाला फसल, संरक्षित खेती, शेडनेट हाउस, पॉलीहाउस, मल्चिंग, जैविक खेती एवं वर्मी कम्पोस्ट सहित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत घरेलू नल कनेक्शन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्युत व्यवस्था से संबंधित समस्याओं तथा खराब ट्रांसफार्मरों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत गर्भवती माताओं के पंजीयन, कुपोषित बच्चों की पहचान एवं उपचार, संक्रामक रोग नियंत्रण, आयुष्मान भारत योजना, सिकल सेल जांच तथा एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक युवाओं को उनकी रुचि एवं स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया।

बैठक में वनमंडलाधिकारी सत्यदेव शर्मा, सभी जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, समिति के सदस्यगण और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!