शिक्षक संघर्ष मोर्च महारैली निकालकर कलेक्टर को देंगे ज्ञापन

टेट अनिवार्यता समाप्त करने सहित अन्य मांगों को लेकर रायगढ़ जिला के शिक्षक भरेंगे हुंकार
✍भोजराम पटेल @रायगढ़ । राज्य में कार्यरत शिक्षक संवर्ग के हितों के संरक्षण और संवर्धन के लिए सक्रिय

प्रमुख संगठनों के साझा मंच छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा द्वारा शिक्षक संवर्ग की समस्याओं के त्वरित निराकरण व मांगों की अविलंब पूर्ति के संदर्भ में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिक्षामंत्री एवं विभागीय उच्चाधिकारियों को रैली निकालकर ज्ञापन देने हेतु आज कलेक्ट्रेट में एकत्रित होंगे ।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा द्वारा बताया गया कि शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में रायगढ़ जिले के शिक्षक एकत्रित होकर रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे जहां अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री सहित उच्चाधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपेंगे ।
मांगों में शामिल है ये बिंदु :

शिक्षक संघर्ष मोर्चा के मांगों में जिन विषयों को शामिल किया गया है उनमें – पहले बिंदु पर छत्तीसगढ़ राजपत्र शिक्षक पंचायत संवर्ग भर्ती तथा सेवा की शर्ते नियम 17 अगस्त 2012 के तहत शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को अनिवार्य किया गया है, इसके पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करते हुए, वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति दिया जावे एवं 17 अगस्त 2012 के बाद सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा करते हुए शिक्षक हितों की रक्षा किया जावे। दुसरे बिंदु पर पूर्व सेवा अवधि की गणना पूर्ण पेंशन के लिए किया जावे। तीसरे बिंदु पर- ‘वेतन विसंगति को दूर करने केंद्रीय वेतनमान के आधार पर छत्तीसगढ़ के शिक्षकों का वेतन निर्धारण किया जावे। इसी तरह चौथे बिंदु में विसंगतियुक्त 13 फरवरी 2026 के नया भर्ती एवं पदोन्नति नियम को निरस्त किया जावे।

एवं पांचवें मांग में प्रशिक्षित सहायक शिक्षक, शिक्षक व व्याख्याता को बीएड हेतु विभागीय ब्रिज कोर्स कराया जावे। इस विषय पर रायगढ़ जिला के संघर्ष मोर्चा जिला संचालक नेतराम साहू, राजकमल पटेल , भोजराम पटेल एवं मोर्चा पदाधिकारियों द्वारा रायगढ़ कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अनुविभागीय अधिकारी रायगढ़ एवं चक्रधर नगर थाना में सूचना देकर अपने रैली व आंदोलन की जानकारी दी गई है।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा के संचालक टीचर्स एसोसियन से जिला संचालक नेतराम साहू, संयुक्त शिक्षक संघ के राजकमल पटेल एवं शालेय शिक्षक संघ भोजराम पटेल द्वारा समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं को 02:00 बजे तक अनिवार्य रूप से कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम पहुंचकर अपने जायज मंग व हक के लिए रैली एवं ज्ञापन के संघर्ष कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया है।




