त्योहार से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग की सख्ती,कई जगह नमूने लिए और एक्सपायरी खाद्य पदार्थ नष्ट कराए…

रायगढ़/खरसिया। आगामी राखी त्योहार को ध्यान में रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने निरीक्षण एवं नमूना जांच अभियान तेज कर दिया है। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश तथा कलेक्टर और उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आदेश के तहत चलाए जा रहे “बने खाबो, बने रहिबो” अभियान के अंतर्गत खरसिया और रायगढ़ क्षेत्र के होटल, ढाबों तथा खाद्य निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने खरसिया ब्लॉक के विभिन्न प्रतिष्ठानों में पहुंचकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, निर्माण प्रक्रिया और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई।
राजस्थान होटल चोढ़ा से मिठाइयों के नमूने

खरसिया ब्लॉक में निरीक्षण के दौरान राजस्थान होटल से खाद्य विभाग की टीम ने गोंद लड्डू, नारियल बर्फी और पेड़ा के नमूने लिए। इन नमूनों को खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
इसी क्रम में चुहड़मल पोटुमल, खरसिया के निरीक्षण के दौरान मौके पर पाए गए एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि ग्राहकों को किसी भी स्थिति में अवधि समाप्त हो चुके खाद्य पदार्थों की बिक्री न की जाए तथा खाद्य सामग्री के भंडारण और बिक्री के दौरान एक्सपायरी डेट की नियमित जांच की जाए।
ढाबों में स्वच्छता व्यवस्था की जांच

खाद्य विभाग की टीम ने सत्यम ढाबा, उत्तम ढाबा और स्वादिष्ट ढाबा का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य पदार्थों की तैयारी,रख रखाव तथा प्रतिष्ठान की साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया। टीम ने संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण और परोसने वाले स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
रायगढ़ के पंडित होटल से शाही पनीर और कुक्ड राइस के नमूने

अभियान के दौरान रायगढ़ शहर स्थित पंडित होटल का भी निरीक्षण किया गया। यहां से शाही पनीर और कुक्ड राइस के नमूने जांच के लिए लिए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इन नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप गुणवत्ता का परीक्षण किया जाएगा।
मद्रासी मुरकु और करी निर्माण स्थल पर मिली कमियां
इसी अभियान के तहत मद्रासी मुरकु एवं करी निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की लेबलिंग और साफ-सफाई व्यवस्था में कमियां पाई गईं। विभागीय टीम ने संचालक को इन कमियों के संबंध में नोटिस जारी किया।
करी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया है। विभाग द्वारा निर्माण स्थल पर खाद्य पदार्थ तैयार करने की प्रक्रिया, स्वच्छता तथा उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री पर आवश्यक जानकारी अंकित किए जाने से संबंधित नियमों के पालन पर जोर दिया गया।
त्योहार के दौरान बढ़ेगी निगरानी
राखी जैसे त्योहारों के दौरान मिठाइयों, दुग्ध उत्पादों, नमकीन और तैयार खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर निगरानी महत्वपूर्ण हो जाती है। विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान इसी उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, ताकि बाजार में मिलावटी, दूषित अथवा अवधि समाप्त हो चुके खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य कारोबारियों से साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का उपयोग करने, खाद्य पदार्थों को निर्धारित परिस्थितियों में सुरक्षित रखने, एक्सपायरी उत्पादों को बिक्री से अलग रखने तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान निरीक्षण और नमूना लेने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जांच में यदि किसी खाद्य पदार्थ में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित खाद्य कारोबारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
खाद्य विभाग की इस कार्यवाही से जहां खाद्य कारोबारियों में नियमों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है,वहीं उपभोक्ताओं के लिए भी यह अभियान त्योहार के दौरान सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



