ChhattisgarhKharsiaRaigarhखरसियाछत्तीसगढ़रायगढ़विविध खबरें

खरसिया में 20 अगस्त को होगा संस्कृति गौरव महासम्मेलन,स्व.दिलीप सिंह जूदेव का होगा पुण्य स्मरण…

खरसिया। धर्मरक्षक एवं घर वापसी महाभियान के पुरोधा स्व. कुमार दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि के अवसर पर खरसिया में संस्कृति गौरव महासम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन 20अगस्त 2026, दिन गुरुवार को किया जाएगा। कार्यक्रम शहीद वीर नारायण सिंह शासकीय महाविद्यालय मैदान जोबी,खरसिया में आयोजित होगा।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति,सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता के विषयों पर विचार-विमर्श के साथ विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा धर्म स्वतंत्रता से संबंधित विधेयक/अधिनियम के संदर्भ में मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री,गृह मंत्री के अभिनंदन समारोह का भी उल्लेख आमंत्रण पत्र में किया गया है।

मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि

सोशल मिडिया में वायरल हो रहे आमंत्रण के अनुसार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा वित्त एवं आवास मंत्री ओपी चौधरी अतिविशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुमार प्रबल प्रताप सिंह जूदेव,अखिल भारतीय घर वापसी प्रमुख,करेंगे।

विशिष्ट अतिथियों में राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े तथा बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नाम आमंत्रण पत्र में शामिल हैं।

कार्यक्रम में संत समाज का भी आशीर्वाद रहेगा। आमंत्रण में संत श्री बबर वाहन जी सहित विभिन्न संतों के शामिल होने का उल्लेख किया गया है।

तीन चरणों में होंगे कार्यक्रम

आयोजन के कार्यक्रम विवरण के अनुसार सुबह 11 बजे से संस्कृति गौरवगान होगा। दोपहर 12 से 1 बजे तक संस्कृति सेवियों, माता, पुजारी, बैगा-गुनिया के अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 से 2 बजे तक स्व. दिलीप सिंह जूदेव का पुण्य स्मरण, माननीय अतिथियों का अभिनंदन एवं समापन समारोह होगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करना तथा स्व. दिलीप सिंह जूदेव के सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान का स्मरण करना है।

कार्यक्रम के निवेदक दिलीप सिंह जूदेव सनातन फाउंडेशन एवं अखिल भारतीय संत समिति,छत्तीसगढ़ प्रांत हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू हो गई हैं ।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!