रायगढ़ में खाद्य एवं औषधि प्रशासन का विशेष जांच अभियान, डेयरी,मिठाई दुकान, होटल और बेकरी का हुआ निरीक्षण…

रायगढ़। खाद्य एवं औषधि प्रशासन, रायगढ़ द्वारा जिले में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 4 अगस्त 2026 को अभिहित अधिकारी के निर्देशन में डेयरी, मिठाई दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट एवं बेकरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबार संचालकों को राज्य में “डेयरी एग्लोमरेट्स” के निर्माण एवं विक्रय से संबंधित प्रतिबंधात्मक आदेश की जानकारी दी गई। साथ ही दुकानदारों को पनीर के खुला विक्रय नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान आरजू बेकरी, मंगलभवनपारा, रायगढ़ से ब्रेड केक का एक विधिक नमूना जांच के लिए लिया गया। इसके अतिरिक्त आईईसी (IEC) गतिविधि के तहत खाद्य सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर एवं पाम्पलेट का वाचन एवं वितरण भी किया गया।

जांच दल में अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी,वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचन्द पटेल तथा नमूना सहायक सुमन अग्रवाल शामिल रहे।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि जिले में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की रोकथाम तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण एवं जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



