Chhattisgarhछत्तीसगढ़सक्ती

सक्ती ब्रेकिंग: मूसलाधार बारिश से जैजैपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलमग्न,डिलीवरी रूम तक पहुंचा गंदा पानी…

सक्ती। जिले में देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने जैजैपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश के बाद नाली का गंदा पानी अस्पताल परिसर में घुस गया, जिससे डिलीवरी रूम, जनरल वार्ड, स्टोर, इंजेक्शन कक्ष और ड्रेसिंग रूम सहित कई हिस्सों में घुटनों तक जलभराव हो गया।

अस्पताल में अचानक हुए जलभराव से मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच पूरी रात अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। नवजात शिशुओं और प्रसूताओं की सुरक्षा को लेकर संक्रमण का खतरा भी मंडराने लगा। परिजनों ने अपने स्तर पर बेड और नवजातों को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए काफी मशक्कत की।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत क्षेत्र की जाम नालियों के कारण बारिश का पानी निकासी नहीं हो सका और गंदा पानी अस्पताल में भर गया। इससे स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

सुबह सफाईकर्मियों ने जलनिकासी और सफाई अभियान चलाकर अस्पताल परिसर से पानी बाहर निकाला, जिसके बाद मरीजों और अस्पताल स्टाफ को राहत मिली।

इस संबंध में बीएमओ डॉ. उमाशंकर साहू ने बताया कि बारिश के कारण अस्पताल में जलभराव की स्थिति बनी थी। सुबह पानी निकलवाकर व्यवस्था सामान्य कर दी गई है।

बारिश के दौरान अस्पताल जैसी संवेदनशील स्वास्थ्य संस्था में जलभराव की घटना ने बुनियादी अधोसंरचना और जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!