
बिलासपुर। चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर लगाम लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने जिले भर में कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 49 कबाड़ियों की जांच की, जिसमें अनियमितता पाए जाने पर 40 गोदामों को सील कर दिया गया।
कार्यवाही के दौरान मस्तूरी क्षेत्र में कबाड़ से भरी एक गाड़ी भी जब्त की गई। पुलिस ने मामले में 18 लोगों के खिलाफ कार्यवाही की है। जांच में कबाड़ कारोबार से जुड़े दस्तावेज, माल की वैधता और खरीदी-बिक्री के रिकॉर्ड की पड़ताल की गई।
पुलिस के अनुसार चोरी के सामान को कबाड़ के रूप में खपाने की शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध माल की खरीद-बिक्री पर अब सख्ती बढ़ाई जाएगी।
यह कार्यवाही उन कारोबारियों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ की खरीदी-बिक्री कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।




