
खरसिया। रायगढ़ जिला के खरसिया तहसील क्षेत्र से उड़ती ख़बर निकल कर आ रहा है कि जैमुरा में शासकीय जमीन पर अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंप किए जाने का मामला गांव में तनाव का कारण बनता जा रहा है। बताया जा रहा है कि दो से तीन स्थानों पर करीब 100-100 से अधिक ट्रिप फ्लाई ऐश के ढेर लगा दिए गए हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक खामोशी की चादर ओढ़े बैठा है।
ग्रामीणों में सवाल उठ रहा है कि शासकीय जमीन पर इतनी बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश कैसे पहुंची और किसकी अनुमति से डंपिंग की गई। यदि यह सब बिना अनुमति हुआ है, तो निगरानी तंत्र की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
गांव में चर्चा है कि फ्लाई ऐश के ये ढेर सिर्फ पर्यावरण के लिए खतरा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही की खुली नुमाइश भी हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की है, ताकि स्थिति और न बिगड़े…




