खरसिया में जमीन बिक्री के नाम पर 25 लाख की धोखाधड़ी,दो आरोपितों पर मामला दर्ज…
खरसिया। थाना खरसिया क्षेत्र में जमीन बिक्री के नाम पर 25 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपीत नूतन पटैल और लक्ष्मण प्रसाद पटेल के खिलाफ 0167/26 -3(5)-BNS, 318(4)-BNSअपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
क्या है मामला
पुलिस जांच के अनुसार,आवेदिका अंजनीप्रदीप नायक ने ग्राम छोटेदेवगांव स्थित भूमि खरीदने के लिए वर्ष 2024 में आरोपीत नूतन पटेल से सौदा किया था। आरोप है कि नूतन पटेल ने संबंधित भूमि पहले ही वर्ष 2020 में किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी थी, इसके बावजूद उसने दोबारा उसी भूमि का इकरारनामा कर आवेदिका से एडवांस राशि के रूप में करीब 25.14 लाख रुपये प्राप्त कर लिए। इस लेन-देन में लक्ष्मण प्रसाद पटेल की भी भूमिका सामने आई है, जिसने सौदा कराने और रकम के आदान-प्रदान में सहयोग किया।
जांच में क्या सामने आया
पुलिस द्वारा दस्तावेजों और गवाहों के बयान के आधार पर पाया गया कि आरोपियों को भूमि की पूर्व बिक्री की जानकारी थी, फिर भी उन्होंने पुनः बिक्री का सौदा कर धोखाधड़ी की। आवेदिका से नगद, बैंक ट्रांसफर और ऑनलाइन माध्यम से राशि ली गई, लेकिन न तो जमीन की रजिस्ट्री की गई और न ही बैंक बंधक हटाने के नाम पर ली गई राशि का सही उपयोग हुआ।
कानूनी कार्यवाही
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोपों की जांच जारी है।
इस घटना ने क्षेत्र में जमीन खरीद-बिक्री की प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सत्यापन की आवश्यकता को रेखांकित किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी,वहीं कानून के जानकारों के अनुसार,संपत्ति खरीदते समय पूर्व रजिस्ट्री और स्वामित्व की पुष्टि करना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह के मामलों से बचा जा सके।

