खरसियाछत्तीसगढ़रायगढ़

खरसिया में जिला एवं अपर सत्र न्यायालय का शुभारंभ, न्यायिक अधोसंरचना को मिला नया विस्तार…

मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से किया उद्घाटन

न्यायिक अधिकारियों के आवास एवं डिजिटल कंप्यूटर रूम का भी हुआ भूमि पूजन

खरसिया।रायगढ़ जिले की तहसील खरसिया में आज जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश न्यायालय का शुभारंभ छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस अवसर पर तहसील खरसिया में न्यायिक अधिकारियों के लिए आवास तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ (सिविल जिला रायगढ़) में डिजिटल कंप्यूटर रूम के निर्माण हेतु भूमि पूजन भी वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुआ। 

मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा ने नवीन न्यायालय के शुभारंभ पर बधाई देते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र की जनता को शीघ्र एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों के आवास तथा डिजिटल कंप्यूटर रूम के निर्माण को न्यायिक अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में अहम उपलब्धि बताया। उन्होंने यह भी कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम दिवस पर इस प्रकार के विकास कार्यों का शुभारंभ होना पूरे वर्ष में अधोसंरचना विकास के प्रति सकारात्मक संकेत है। इस दौरान न्यायमूर्ति  सचिन सिंह राजपूत, पोर्टफोलियो जज, जिला रायगढ़ भी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
            वहीं कार्यक्रम का आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय रायगढ़ में किया गया,जहां से तहसील खरसिया एवं जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ वर्चुअल माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायगढ़ जितेंद्र कुमार जैन द्वारा तथा आभार प्रदर्शन विशेष न्यायाधीश रायगढ़ श्रीमती शोभना कोष्टा द्वारा किया गया। 01 अप्रैल 2026 से तहसील खरसिया में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश के रूप में श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव द्वारा न्यायालयीन कार्य की शुरुआत कर दी गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को अब स्थानीय स्तर पर ही न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम में रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, तहसील खरसिया, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, भटगांव के प्रतिनिधि, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य, शासकीय अभिभाषक, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा न्यायिक कर्मचारीगण वर्चुअल एवं भौतिक रूप से उपस्थित रहे।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!