
खरसिया। क्षेत्र के लिए लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए खरसिया सिविल न्यायालय में सेशन न्यायालय की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद खरसिया में प्रथम सेशन जज के रूप में श्रीमती स्वेता श्रीवास्तव की पदस्थापना की गई है। इस निर्णय से अब गंभीर आपराधिक और सत्र मामलों की सुनवाई खरसिया में ही संभव हो सकेगी।
अब तक खरसिया क्षेत्र के पक्षकारों और अधिवक्ताओं को सत्र मामलों की सुनवाई के लिए लगभग 35 किलोमीटर दूर रायगढ़ न्यायालय जाना पड़ता था। स्थानीय स्तर पर सेशन कोर्ट की स्थापना से न केवल समय और आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया भी अधिक सुलभ और तेज होने की उम्मीद है।
यह व्यवस्था क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और अधिवक्ता संघ के लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। स्थानीय अधिवक्ताओं और नागरिकों ने इसे खरसिया क्षेत्र की न्यायिक संरचना के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

सेशन न्यायालय की शुरुआत से गंभीर आपराधिक मामलों के त्वरित निपटारे में मदद मिलेगी और क्षेत्र में न्यायिक पहुंच और प्रभावशीलता दोनों मजबूत होंगी।


