
खरसिया। आगामी रामनवमी,रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से खरसिया स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रशिक्षु आईएएस अक्षय दोशी,एसडीएम प्रवीण तिवारी, सीएमओ नीतु अग्रवाल तथा चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई,जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि,पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

बैठक में प्रशिक्षु आईएएस अक्षय दोशी ने कहा कि क्षेत्र में ईद सहित सभी प्रमुख पर्व पारंपरिक भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ मनाए जाते रहे हैं। उन्होंने इस परंपरा को बनाए रखने पर बल देते हुए साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और यातायात व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने बताया कि ईद के अवसर पर प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए है।
एसडीएम प्रवीण तिवारी ने नागरिकों से सहयोग बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि किसी भी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। बैठक में ईद की नमाज के लिए निर्धारित स्थलों पर पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी रामनवमी सहित अन्य पर्वों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।


