
खरसिया।रायगढ़ जिले के खरसिया में कबाड़ के सम्मान का एक अनोखा दृश्य सामने आया,जहां लगभग 190 किलो लोहे का स्क्रैप किसी ट्रॉली या ठेले में नहीं, बल्कि चमचमाती कार में यात्रा करता मिला। खरसिया पुलिस ने मारुति फ्रोंक्स कार (CG 13 BB 2808) से अवैध रूप से ले जाए जा रहे स्क्रैप को जब्त कर आरोपी राजू अग्रवाल (47), निवासी छपरीगंज को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित स्क्रैप के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद करीब 6,650 रुपये मूल्य का कबाड़ और लगभग 4 लाख रुपये कीमत की कार जब्त कर ली गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी द्वारा गवाहों को धमकाने की कोशिश भी की गई, जिस पर पुलिस ने अतिरिक्त धाराओं में मामला दर्ज किया।
घटना ने स्थानीय स्तर पर एक व्यंग्यात्मक सवाल जरूर खड़ा कर दिया है—जहां सामान्यतः कार में लोग सफर करते हैं, वहां खरसिया में कबाड़ भी अब ‘सम्मानजनक परिवहन’ का हकदार दिखाई दे रहा है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार जिले में कबाड़ चोरी और अवैध स्क्रैप परिवहन पर पुलिस की सख़्त निगरानी है और ऐसे मामलों में कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
कबाड़ का कारोबार अब छोटे ठेलों से आगे बढ़कर कारों तक पहुंच चुका है—हालांकि कानून की नज़र में यह सफर अभी भी अवैध ही माना जाएगा।



