
✍️कमलेश पटेल @खरसिया। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय खरसिया में राष्ट्रीय गणित एवं राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का जिला स्तरीय आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के.वी. राव, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल तथा बीआरसीसी प्रदीप साहू की उपस्थिति में माता सरस्वती के तैल चित्र पर पूजन-अर्चन के साथ किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभिक उद्बोधन में विकासखंड शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व से अवगत कराया तथा इसके उद्देश्य और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास पर प्रकाश डाला। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के.वी. राव ने भी विज्ञान और गणित के महत्व को रेखांकित करते हुए जटिल गणितीय समस्याओं के समाधान के व्यावहारिक उपाय विद्यार्थियों को समझाए।

आयोजन में जिले के लगभग 100 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस दौरान विज्ञान प्रश्न मंच, विज्ञान मेला, विज्ञान विषयक पोस्टर, रंगोली तथा गणितीय मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखा गया।

जिला समन्वयक कमलेश कुमार पटेल ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए डॉ. सी.वी. रमन की ऐतिहासिक खोज ‘रमन प्रभाव’ की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी 1928 को इस खोज के कारण डॉ. रमन को वर्ष 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसके उपलक्ष्य में वर्ष 1987 से प्रतिवर्ष राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम में प्राचार्य नवागांव आनंद पटेल, प्राचार्य सोनबरसा डी.आर. पटेल सहित व्याख्याता एवं शिक्षकों ने निर्णायक और सहयोगी के रूप में योगदान दिया। आयोजन छत्तीसगढ़ प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर द्वारा, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी विभाग के वित्तीय सहयोग से संपन्न हुआ।

अंत में पीएमश्री विद्यालय के प्राचार्य आर्य नागवंशी ने आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन की घोषणा की। आयोजन ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार के प्रति नई प्रेरणा का संचार किया।



