
खरसिया। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से खरसिया पुलिस अलर्ट मोड में है। थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने क्षेत्र के चिन्हित गुंडा-बदमाशों को थाने तलब कर स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग,मारपीट,छेड़छाड़, नशे में उपद्रव,जबरन रंग लगाने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
थाने में आयोजित असामाजिक तत्वों को थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौखिक एवं लिखित शपथ दिलाई गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने की स्थिति में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए संबंधित व्यक्तियों को सीधे जेल भेजा जा सकता है।
यह कार्यवाही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश तथा एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि होली प्रेम और भाईचारे का पर्व है, जिसे शांति और अनुशासन के साथ मनाया जाना चाहिए।
त्योहार से पूर्व पुलिस की इस सख़्ती को लेकर क्षेत्र के नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि पुलिस प्रशासन की सक्रियता से इस वर्ष कि होली सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होने की उम्मीद है।



