खरसिया। खरसिया क्षेत्र के मौहापाली में एक छात्र से मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खरसिया पुलिस से मिली अनुसार, ग्राम गौहापाली निवासी पवन टण्डन (कक्षा 8वीं का छात्र) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 फरवरी 2026 की रात करीब 07:30 बजे वह खरसिया से अपने घर मौहापाली लौट रहा था। गुरु घासीदास चौक, मौहापाली के पास मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन युवकों ने उससे सिगरेट पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
शिकायत के मुताबिक, देवेन्द्र भारती ने मोटरसाइकिल की चाबी से उसके सिर के पीछे वार किया, राजेन्द्र ने पीठ पर मुक्के मारे तथा अनुज भारती ने थप्पड़ मारा। आरोप है कि तीनों युवक जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज कर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115(2), 119(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में गवाहों के बयान लिए जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।




