घरघोडाछत्तीसगढ़रायगढ़

हाईवे में वाहनों से चोरी डीजल की अवैध बिक्री का खुलासा,लाइन होटल संचालक गिरफ्तार…



रायगढ़। हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी कर उसकी अवैध खरीदी-बिक्री के मामले में घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भालुमार स्थित पात्रो होटल पर छापेमारी कर पुलिस ने होटल संचालक को गिरफ्तार करते हुए 150 लीटर डीजल जप्त किया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्यवाही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर की गई, जिनके आदेश पर जिले में डीजल चोरी की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में टीम ने पात्रो होटल में दबिश दी, जहां 15-15 लीटर क्षमता के कंटेनरों में कुल 150 लीटर डीजल अवैध रूप से संग्रहित पाया गया।

जांच के दौरान होटल संचालक वेणुधर पात्रो डीजल भंडारण व बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही होटल परिसर में अग्निशामक सुरक्षा के कोई इंतजाम भी नहीं मिले, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 35/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3, 7 के तहत मामला कायम किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर विवेचना में लिया गया है।

इस कार्यवाही में एएसआई राम संजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक खगेश्वर नेताम, प्रदीप तिग्गा एवं महिला आरक्षक आशा मिंज की सक्रिय भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी के डीजल के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख़्त कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी।

Show More

Gopal Krishna Naik

Editor in Chief Naik News Agency Group

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!