
खरसिया। नगर में अग्रवाल एवं सिंधी समाज के लोगों में रोष व्याप्त है। समाज के इष्ट देव के खिलाफ पिछले दिनों सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की मांग तेज हो गई है।

खरसिया के अग्रवाल व सिंधी समाज के सामाजिक पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों ने स्टेशन चौक पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पीछले दिनों समाज और इष्ट देव के प्रति अमर्यादित एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव को ठेस पहुंचाई गई है।
समाजजनों ने खरसिया के एसडीओपी प्रभात पटेल को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत जांच कर कड़ी कार्यवाही की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कठोर दंड दिया जाना आवश्यक है,ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति समाज,धर्म या किसी के इष्ट देव के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने का दुस्साहस न कर सके।

इस दौरान समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं युवाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

सभी ने एक स्वर में कहा कि यह मामला केवल एक समाज का नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और सम्मान से जुड़ा विषय है,जिस पर शासन-प्रशासन को त्वरित और निष्पक्ष कार्यवाही करनी चाहिए।




